
भुवनेश्वर: ओडिशा ने कम्युनिटी-बेस्ड (समुदाय-आधारित) आपदा तैयारी को मज़बूत करने की दिशा में एक अहम उपलब्धि हासिल की है। UNESCO-IOC 'सुनामी रेडी रिकग्निशन' प्रोग्राम के तहत राज्य के 100 तटीय गांवों को अब 'सुनामी रेडी' घोषित किया गया है।
2024 में, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के सभी सुनामी-संभावित तटीय गांवों में तैयारी को मज़बूत करने का लक्ष्य रखा था। इसी विज़न को आगे बढ़ाते हुए, ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (OSDMA) ने UNESCO-IOC 'सुनामी रेडी रिकग्निशन' प्रोग्राम का विस्तार राज्य के छह तटीय ज़िलों तक किया।
यह प्रोग्राम समुदाय के प्रदर्शन पर आधारित एक पहल है जो सरकारी अधिकारियों, वैज्ञानिक संस्थानों, सामुदायिक नेताओं और आपातकालीन प्रबंधन एजेंसियों के बीच सहयोग के ज़रिए सुनामी की तैयारी को बढ़ावा देता है। इसे भारत सहित हिंद महासागर क्षेत्र के 22 देशों में लागू किया जा रहा है।
इस साल, 75 और गांवों को यह मान्यता मिली, जिससे कुल संख्या 100 हो गई। अधिकारियों ने कहा कि राज्य ने सभी 381 सुनामी-संभावित तटीय गांवों और बस्तियों को चरणबद्ध तरीके से तैयार करने के बड़े लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।





