नागालैंड

नगालैंड में पहली बार दो महिलाएं बनीं विधायक

Admin Delhi 1
3 March 2023 5:42 AM GMT
नगालैंड में पहली बार दो महिलाएं बनीं विधायक
x

दिल्ली: दीमापुर तृतीय विधानसभा से हेकानी जखालू ने जीत दर्ज की है। हेकानी को भाजपा और एनडीपीपी गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में सफलता मिली। उन्होंने लोजपा (रामविलास) की अजेतो जिमोमी को 1536 वोटों से मात दी। इसके अलावा एनडीपीपी और भाजपा गठबंधन की एक अन्य महिला उम्मीदवार सलहूतुनू क्रुसे ने पश्चिमी अंगामी सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार केनेजाखो नखरो को 12 वोटों के मामूली अंतर से हरा दिया।

नगालैंड में विधानसभा चुनाव में सिर्फ चार महिला उम्मीदवारों को टिकट मिला था। हेकानी इनमें से एक थीं। चुनाव के दौरान हेकानी का प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा भी पहुंचे थे। हेकाली नगालैंड में युवाओं को आजीविका प्रदान कराने का अभियान चलाती हैं। वह महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ती हैं।

उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र को एक माडल बनाने और अल्पसंख्यक आबादी वाले क्षेत्रों के विकास पर विशेष जोर देने का वादा किया था। हेकानी जखालू को 2018 में नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह तोलुवी गांव में की रहने वाली हैं। उनका घर इसी इलाके में है। वह पूर्वोत्तर की महिलाओं के लिए प्रतिष्ठित पुरस्कार की अकेली प्राप्तकर्ता भी हैं। हेकानी जखालू यूथनेट नाम का एनजीओ भी चलाती हैं।

वह पेशे से वकील भी हैं। वह पिछले 17 साल से अपने एनजीओ के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए काम कर रही हैं। वह 1.2 लाख युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर रोजगार दिला चुकी हैं। नगालैंड की दूसरी महिला बनीं विधायक सलहूतुनू क्रुसे काफी रईस हैं।

क्रुसे न केवल करोड़ों की मालकिन हैं बल्कि आलीशान बंगले और लग्जरी गाड़ियों की स्वामिनी भी हैं। सलहूतुनू क्रुसे ने अपने चुनावी हलफनामे में बताया था कि उनके पास लगभग 13 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। इनमें करीब 11 करोड़ 52 लाख 20 हजार रुपए की अचल और एक करोड़ 81 लाख रुपए 90 हजार 128 रुपये की चल संपत्ति है।

नगालैंड की पश्चिमी अंगामी सीट से विधानसभा चुनाव जीतीं 56 वर्षीय सलहूतुनू क्रुसे ने चुनावी हलफनामे में बताया था कि वह एक स्कूल की संचालक हैं। उनके पास 55 लाख रुपये से अधिक की तीन गाड़ियां- टोयोटा फार्च्यूनर, टोयोटो कोरोला, ईसुजू भी हैं।

Next Story