मिजोरम ड्रग्स तस्करी मामले में एनआईए की बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

दिल्ली: म्यांमार से भारत में करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक और कार्रवाई की है। एजेंसी ने इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के कथित मास्टरमाइंड नुरुल इस्लाम को असम के सिलचर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को 15 नवंबर को पकड़ा गया।
यह गिरफ्तारी मिजोरम के चम्फाई जिले में मई 2025 के दौरान पकड़ी गई 236.33 किलोग्राम मेथामफेटामाइन की खेप से जुड़े मामले में हुई है। जब्त नशीली गोलियों की अनुमानित कीमत 30.72 करोड़ रुपये बताई गई है।
एनआईए की जांच में सामने आया है कि नुरुल इस्लाम म्यांमार से भारत के मुख्य भू-भाग तक मादक पदार्थ पहुंचाने वाले तस्करी नेटवर्क का संचालन कर रहा था। इस काम के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से लेकर देश के विभिन्न राज्यों तक फैले तस्करी तंत्र का इस्तेमाल किया जा रहा था।
गिरफ्तारी के समय एजेंसी ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड समेत कई डिजिटल उपकरण भी बरामद किए हैं। इन उपकरणों की जांच से तस्करी से जुड़े संपर्कों और गतिविधियों के बारे में अतिरिक्त जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस मामले में एनआईए अब तक मिजोरम के दो, त्रिपुरा के दो और असम के एक व्यक्ति समेत पांच आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। नुरुल इस्लाम की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ाया गया है।
एजेंसी का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और मादक पदार्थों की तस्करी के पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है।





