मिज़ोरम

कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि के बीच अनुबंधित स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

Shiddhant Shriwas
14 July 2022 12:57 PM GMT
कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि के बीच अनुबंधित स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल
x

आईजोल। Mizoram में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि के बीच अनुबंधित स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण श्रमबल की कमी से जूझ रहा है। राज्य में 2,000 से अधिक स्वास्थ्य कर्मी सेवाओं को नियमित किए जाने, नियमित वेतन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और स्थानांतरण भत्ता समेत कई लाभ दिए जाने की मांग को लेकर सोमवार से हड़ताल पर हैं।

नेशनल हेल्थ मिशन एम्प्लॉयीज यूनियन ऑफ मिजोरम' ने कहा कि एक दिन पहले अधिकारियों के साथ हुई बैठक में गतिरोध बने रहने के बाद हड़ताल अनिश्चितकाल तक चलेगी जबकि पहले हड़ताल बुधवार को खत्म होनी थी। एनईयूएम के अध्यक्ष एम. हौनार ने कहा कि अगर सरकार उनकी कम से कम दो मांगों को भी मान लेती है तो वे हड़ताल खत्म कर देंगे।
उन्होंने कहा कि कई स्वास्थ्य कर्मी 20 साल से अधिक वर्षों से अनुबंध पर काम कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों को नियमित करने के लिए कदम उठाने का अनुरोध किया। बहरहाल, इस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टिप्पणियां नहीं मिल सकी हैं।
मिजोरम में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 105 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,30,229 हो गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नए मामलों में से आइजोल जिले में सर्वाधिक 84 मामले सामने आए। राज्य में दैनिक संक्रमण दर 16.75 प्रतिशत है, जो एक दिन पहले 25.59 प्रतिशत थी। मिजोरम में संक्रमण से अभी तक 706 लोगों की मौत हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि राज्य में अभी 964 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जबकि 2,28,559 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर 99.27 प्रतिशत है।


Next Story