
Mizoram मिजोरम : दक्षिणी मिजोरम के लांगतलाई कस्बे में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में पांच मकान और एक होटल ढह जाने से कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे लांगतलाई के सीमावर्ती बाजार वेंग और चांदमेरी इलाकों में हुई, जिससे मकानों और एक होटल पर भूस्खलन हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि होटल में ठहरे म्यांमार के कई लोग मलबे में फंस गए हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसआरडीएफ) और तीसरी भारतीय रिजर्व बटालियन के कर्मियों के साथ-साथ लांगतलाई जिले के सबसे बड़े नागरिक समाज संगठन यंग लाई एसोसिएशन (वाईएलए) के स्वयंसेवक बचाव अभियान चला रहे हैं।
घटना की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है। पूर्वोत्तर भारत में शुक्रवार से भारी बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर भूस्खलन और चट्टानें गिर रही हैं।





