
जनता से रिश्ता वेबडेस्क : मौजूदा जूनियर राष्ट्रीय चैंपियन देविका घोरपड़े और अभिवर्धन शर्मा ने यहां जारी पांचवीं युवा पुरुष एवं महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में सोमवार को अपनी चमक बिखेरी। इन दो मुक्केबाजों सहित महाराष्ट्र की पांच महिला और दो पुरुष मुक्केबाजों ने फाइनल में प्रवेश किया। इसके अलावा हरियाणा की महिला टीम और सर्विसेज स्पोट्र्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) की पुरुष टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। इन दोनों टीमों के 11-11 मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह बना ली है।देविका घोरपड़े (52 किग्रा) ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए महाराष्ट्र के लिए शानदार शुरुआत की। देविका ने पंजाब की कुलदीप कौर के खिलाफ सकारात्मक इरादे के साथ मुकाबला शुरू किया। देविका के बिना रुके लगातार हमले किए। इससे रेफरी को दूसरे राउंड में मैच रोकने और देविका के पक्ष में नतीजा घोषित करने के लिए मजबूर किया। फाइनल में उनका मुकाबला हरियाणा की अंजलि से होगा।





