मेघालय

बीजेपी के 10 विधायक होने पर NPP का बड़ा बयान, सरकार की स्थिरता पर जताया भरोसा

nidhi
8 Oct 2026 1:50 PM IST
बीजेपी के 10 विधायक होने पर NPP का बड़ा बयान, सरकार की स्थिरता पर जताया भरोसा
x
बीजेपी की बढ़ती ताकत से NPP बेफिक्र
शिलांग: मेघालय में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के बीच सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) ने अपनी स्थिति को लेकर बड़ा दावा किया है। मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (MDA) सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री वायलादमिकी शायला ने बुधवार, 7 अक्टूबर को कहा कि बीजेपी की बढ़ती ताकत से एनपीपी को कोई चिंता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पहले से ज्यादा मजबूत और एकजुट है।
दरअसल, हाल ही में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के आठ विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद राज्य का राजनीतिक समीकरण बदला है। इससे 60 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के विधायकों की संख्या दो से बढ़कर 10 हो गई है। बीजेपी अब सत्तारूढ़ गठबंधन में एनपीपी के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद मंगलवार रात एनपीपी नेताओं की बैठक हुई। बैठक को लेकर उठ रहे सवालों पर शायला ने स्पष्ट किया कि यह कोई आपातकालीन बैठक नहीं थी। पार्टी हर तीन महीने में नियमित रूप से बैठक करती है, जिसमें सरकार के कामकाज और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में बदलाव होते रहते हैं और इसे सामान्य प्रक्रिया के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि हालिया बदलाव सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर ही हुए हैं, न कि सत्ता पक्ष से विपक्ष की ओर।
बीजेपी की बढ़ती संख्या से एनपीपी की चिंता बढ़ने संबंधी सवाल पर शायला ने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी सदस्य मौजूद थे और पार्टी पूरी तरह एकजुट है। वहीं, मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने भी गठबंधन सरकार की स्थिरता पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि एनपीपी के सभी 33 विधायक एकजुट हैं और सरकार को कोई खतरा नहीं है।
Next Story