मणिपुर

जनाधार को ठोस आधार देने के लिए प्रत्येक मतदान बूथ पर दो सौ सक्रिय कार्यकर्ताओं का संगठन तैयार

Shiddhant Shriwas
2 July 2022 6:48 PM IST
जनाधार को ठोस आधार देने के लिए प्रत्येक मतदान बूथ पर दो सौ सक्रिय कार्यकर्ताओं का संगठन तैयार
x

हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश में अपने जनाधार को ठोस आधार देने के लिए प्रत्येक मतदान बूथ पर दो सौ सक्रिय कार्यकर्ताओं का संगठन तैयार करने, बूथ संगठन से प्रदेश संगठन का तालमेल मजबूत करने, अंत्योदय के लिए एक गहन अभियान चलाने और सरकारी योजनाओं के करीब 30 करोड़ लाभार्थियों को अपने साथ जोडऩे की एक चतुष्कोणीय रणनीति पर चलने की तैयारी की है।

तेलंगाना की राजधानी में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में इन बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया गया। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, संगठन महामंत्री बी एल संतोष, पार्टी के सभी उपाध्यक्ष, महासचिव सचिव, प्रदेश प्रभारी उपस्थित थे। बैठक की शुरुआत नड्डा के संबोधन के साथ हुई और इसके बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी के एजेंडा के ऊपर चर्चा हुई। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सिंधिया ने यहां संवाददाताओं को इस बैठक के बारे में जानकारी दी।

वसुंधरा राजे ने कहा कि बैठक में सबसे पहले उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर के विधानसभा चुनावों के साथ निकाय चुनावों एवं उपचुनावों में भाजपा की जीत की सराहना की गयी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में चुनावों में मिली जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं को श्रेय दिया और कहा कि पूरी दुनिया में कोविड के पश्चात अर्थव्यवस्था चरमराई हुई है और विश्व की वृद्धि दर करीब छह प्रतिशत के स्तर पर है जबकि भारत की वृद्धि दर 8.7 प्रतिशत के स्तर पर लगातार प्रगति कर रही है।

ये मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि बैठक में पार्टी के जनाधार को और मजबूत करने के लिए नेताओं के प्रवास कार्यक्रमों पर जोर देने तथा बूथ को मजबूत करने की सोच थी। हर बूथ पर कम से कम दो सौ सक्रिय कार्यकर्ता तैयार करने एवं व्हाट्सअप ग्रुप बनाने की आवश्यकता है। बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं से प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री का एक या दो सप्ताह के अंतर पर संपर्क स्थापित होना 'बहुत महत्वपूर्ण' है।

संपर्क साधने के साथ ही अंत्योदय के लिए गहन अभियान चलाने की भी जरूरत है। वसुंधरा राजे ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में दो प्रस्ताव -राजनीतिक प्रस्ताव तथा आर्थिक एवं गरीब कल्याण प्रस्ताव पेश किया जाएगा और मेजबान राज्य तेलंगाना की स्थिति पर एक वक्तव्य पेश किया जाएगा। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में प्रस्तावों के मसौदे पर भी चर्चा हुई। उन्होंने यह भी बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर में तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने और करीब 20 करोड़ घरों तक संपर्क करके देश को एकजुट करने का उपक्रम किया जाएगा।

Next Story