
x
मणिपुर | मणिपुर में फिर हिंसा भड़की है। राज्य के थौबल जिले में उग्र भीड़ ने इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के एक जवान के मकान में आग लगा दी, जिसने शस्त्रागार से हथियार लूटने के दंगाइयों के प्रयासों को विफल कर दिया था। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार रात को सामाराम में हुई। इससे पहले 700-800 लोगों की भीड़ ने चार किलोमीटर दूर वांगबल में आईआरबी के शिविर से हथियार लूटने की कोशिश की थी, जिसके परिणामस्वरूप सुरक्षा बलों के साथ हुई झड़प में 27 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान रोनाल्डो के रूप में की गई है।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि जवान ने अपना कर्तव्य बखूबी निभाया और दंगाइयों को पुलिस हथियार भंडार लूटने नहीं दिया। उन्होंने बताया कि जवान शस्त्रागार की सुरक्षा करने वाली आईआरबी इकाई का हिस्सा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की एक संयुक्त टीम ने बुधवार को कांगपोकपी, इंफाल पश्चिम और चुराचांदपुर जिलों में चार बंकरों को नष्ट कर दिया।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि इंफाल पश्चिम और कांगपोकपी जिलों की सीमा पर लुआंगशांगोल/फैलेंग क्षेत्र में दिन में अज्ञात बंदूकधारियों के समूहों के बीच गोलीबारी की सूचना मिली थी। सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मंगलवार को स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और पहले आंसू गैस के गोलों एवं रबड़ की गोलियों का इस्तेमाल किया, लेकिन हथियारबंद भीड़ ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि भीड़ ने शिविर तक आने वाली सड़कों को भी कई स्थानों पर बाधित कर दिया था, ताकि अतिरिक्त बलों को पहुंचने से रोका जा सके, लेकिन बल शिविर तक पहुंच गए। अधिकारियों ने बताया कि भीड़ ने शिविर आ रहे असम राइफल्स के एक दल पर भी हमला किया। उन्होंने बताया कि भीड़ ने असम राइफल्स के कर्मियों पर गोलीबारी की और उनके वाहन को आग लगा दी। गोलीबारी में एक जवान घायल हो गया। उन्होंने बताया कि जवान के पैर में गोली लगी है।
अधिकारियों ने बताया कि झड़प में रोनाल्डो नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसे पहले थौबल जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे इंफाल स्थित अस्पताल भेज दिया गया, लेकिन इंफाल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि झड़प में 10 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें से गंभीर रूप से छह घायलों को इंफाल में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Tagsजनता से रिश्ता खबरदेशभर की बड़ी खबरताज़ा समाचारआज की बड़ी खबरआज की महत्वपूर्ण खबरहिंदी खबरजनता से रिश्ताबड़ी खबरदेश-दुनिया की खबरराज्यवार खबरहिंदी समाचारआज का समाचारबड़ा समाचारनया समाचारदैनिक समाचारब्रेकिंग न्यूजPublic relation newscountrywide big newslatest newstoday's big newstoday's important newsHindi newspublic relationbig newscountry-world newsstate-wise newstoday's newsbig NewsNew NewsDaily NewsBreaking News
Next Story





