
MANIPUR मणिपुर : चंदेल जिले में सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों के संयुक्त अभियान से तीन लापता बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। ये बच्चे चकपिकरोंग क्षेत्र के ह्रिंगफे स्थित ओरिएंटल हॉस्टल से सोमवार शाम से लापता थे। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की शाम करीब 5 बजे बच्चों के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद चकपिकरोंग थाना प्रभारी जॉय मार्टिन और उनकी टीम ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। मंगलवार सुबह तक तलाशी अभियान बस व ऑटो स्टैंड, आसपास के गांवों और रास्तों पर चलाया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
स्थिति गंभीर देखते हुए चंदेल पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र त्यागी की देखरेख में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। इस अभियान में स्थानीय युवा, ग्राम अधिकारी, महिला स्वयंसेवक, बीएसएफ (सी-कॉय 200) और असम राइफल्स (शालुक पोस्ट) शामिल हुए। रात करीब 9:20 बजे दो बच्चों को ह्रिंगफे गांव के पास जंगल में खोज लिया गया, जबकि तीसरा बच्चा अंदर की ओर भाग गया। देर रात तक तलाशी के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह करीब 5 बजे अभियान दोबारा शुरू किया गया और आखिरी बच्चे को चकपी नदी के किनारे से सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने बताया कि तीनों बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकपिकरोंग में मेडिकल जांच के बाद चकपिकरोंग पुलिस की हिरासत में रखा गया है। अब जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें संबंधित अधिकारियों के माध्यम से परिजनों को सौंपा जाएगा। चंदेल पुलिस ने संयुक्त अभियान में सहयोग देने वाले सभी स्थानीय लोगों, युवाओं, महिला स्वयंसेवकों, बीएसएफ और असम राइफल्स का आभार जताया है। पुलिस ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही यह बचाव अभियान सफल हो सका।





