
x
इम्फाल पहुंचीं मीराबाई चानू
इम्फाल: एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल जीतने वाली स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू का गुरुवार को इम्फाल एयरपोर्ट पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर उनके परिवार, खेल विभाग के अधिकारियों, स्थानीय प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
मीराबाई चानू ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स में महिलाओं के 49 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने कुल 198 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें 87 किलोग्राम स्नैच और 111 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क शामिल रहा।
यह पदक मीराबाई चानू के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि यह उनके करियर का पहला एशियन गेम्स मेडल है। इसके साथ ही भारत का एशियन गेम्स वेटलिफ्टिंग में 28 साल का पदक इंतजार भी खत्म हुआ।
इम्फाल एयरपोर्ट पर पहुंचते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं और पारंपरिक अंदाज में उनका अभिनंदन किया। उनके माता-पिता और रिश्तेदार भी स्वागत के लिए मौजूद रहे। स्थानीय विधायक ख. इबोमचा सिंह, युवा मामलों एवं खेल विभाग के अधिकारी और खेल जगत से जुड़े लोग भी एयरपोर्ट पहुंचे।
मीराबाई की इस उपलब्धि से मणिपुर में खुशी का माहौल है। ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स में पहले ही पदक जीत चुकीं मीराबाई ने अब एशियन गेम्स पदक भी अपने नाम कर अपने करियर की एक बड़ी कमी पूरी कर ली है।
उनकी वापसी के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मीराबाई ने भी स्वागत के लिए पहुंचे लोगों का अभिवादन किया और उनके समर्थन के लिए आभार जताया।
Next Story





