
Manipur मणिपुर: मणिपुर के चुराचांदपुर और सेनापति जिलों में गुरुवार को सुरक्षा बलों ने संयुक्त एंटी-इंसर्जेंसी अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। साथ ही दो कथित मिलिटेंट कैंपों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, संयुक्त टीमों ने संवेदनशील इलाकों में विशेष अभियान चलाया, जिसके दौरान कई प्रकार के हथियार और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद हुए। इस पूरे अभियान में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
चुराचांदपुर जिले में चुराचांदपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के हेंगकापकोट इलाके में एक मिलिटेंट कैंप का भंडाफोड़ किया गया। यहां से सुरक्षा बलों ने तीन सिंगल-बैरल राइफल, एक .303 राइफल, एक पोम्पी लॉन्चर और चार रॉकेट शेल बरामद किए। इसके अलावा लगभग 500 ग्राम का सिलिंड्रिकल IED और करीब 4 किलोग्राम वजन का कोनिकल IED भी जब्त किया गया।
साथ ही मौके से चार बुलेटप्रूफ जैकेट, दो हेलमेट, AK-47 और 7.62 मिमी कैलिबर के फायर किए गए कारतूस तथा एक रेडियो सेट चार्जर भी बरामद हुआ है।
वहीं सेनापति जिले में एक अलग अभियान के दौरान सेनापति पुलिस स्टेशन क्षेत्र के मारेमाई-हेंगबुंग पहाड़ियों में हथियारों का बड़ा जखीरा मिला। यहां से .22 राइफल, एक .303 राइफल, MP5 और AK-47 राइफलें (मैगजीन सहित), चार देसी बोल्ट-एक्शन राइफल, एक लोकल शॉटगन और विभिन्न कैलिबर की पिस्तौलें बरामद की गईं।
इसके अलावा 79 जिंदा राउंड और 13 खाली कारतूस भी जब्त किए गए। सुरक्षा बलों का कहना है कि यह बरामदगी इलाके में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क की गतिविधियों को बड़ा झटका है।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद सभी हथियार और सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस स्टेशनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाना था।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस तरह के संयुक्त अभियानों से राज्य में उग्रवाद पर नियंत्रण पाने में मदद मिल रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।





