
x
मणिपुर में ड्यूटी के दौरान BSF जवान का निधन
गोरखपुर: मणिपुर में ड्यूटी पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हेड कांस्टेबल दिलीप चौहान का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। दिवंगत जवान का पार्थिव शरीर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंच गया है। देश की सुरक्षा में तैनात जवान के निधन से उनके परिजन और परिचित गहरे दुख में हैं।
ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के भंडारो गांव निवासी 45 वर्षीय दिलीप कुमार चौहान का वर्ष 2001 में बीएसएफ में चयन हुआ था। वर्तमान में उनकी तैनाती मणिपुर में हेड कांस्टेबल के पद पर थी। 11 नवंबर को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया। उसी दिन रात करीब नौ बजे परिजनों को इसकी सूचना मिली। हालांकि, शुरुआत में उनकी पत्नी को निधन की जानकारी नहीं दी गई थी।
बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदलीं
दिलीप चौहान 14 नवंबर को छुट्टी लेकर घर आने वाले थे। उन्हें अपनी बड़ी बेटी कविता की शादी की तारीख तय करनी थी। कविता का विवाह संतकबीरनगर जिले के धनघटा क्षेत्र के नैनाझाला गांव में तय हुआ था। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन दिलीप के अचानक निधन से सारी खुशियां मातम में बदल गईं। उनकी बेटी कविता स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तैयारी कर रही है। बड़ा बेटा सौरभ चौहान बीएससी और छोटा बेटा गौरव चौहान बीफार्मा का छात्र है।
गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी गई अंतिम विदाई
शुक्रवार की आधी रात दिलीप चौहान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भंडारो पहुंचा। शनिवार को कालेसर स्थित मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और बटालियन के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत हेड कांस्टेबल को अंतिम सलामी दी। दिलीप चौहान के निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है। करीब 25 वर्षों तक बीएसएफ में सेवाएं देने वाले दिलीप के निधन से उनके परिवार को गहरा आघात लगा है।
Next Story





