मणिपुर

मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह: भाजपा मणिपुर में दो-तिहाई बहुमत के लिए पूरा जोर लगाएगी

Deepa Sahu
24 Jan 2022 11:04 AM GMT
मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह: भाजपा मणिपुर में दो-तिहाई बहुमत के लिए पूरा जोर लगाएगी
x
आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता बनाये रखने को लेकर विश्वास से भरे मणिपुर के पहले भाजपा मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह ने रविवार को कहा कि इस बार उनकी पार्टी अपना संख्या बल दोगुना कर लेगी।

नयी दिल्ली, आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता बनाये रखने को लेकर विश्वास से भरे मणिपुर के पहले भाजपा मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह ने रविवार को कहा कि इस बार उनकी पार्टी अपना संख्या बल दोगुना कर लेगी और वह अपने बलबूते दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का प्रयास कर रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो चुनाव बाद गठबंधन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस न केवल मणिपुर बल्कि पूरे पूर्वोत्तर में सिकुड़ती जा रही है और उन्हें यकीन है कि उनकी सरकार के पांच साल के कामकाज को मतदाता पसंद करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पिछले विधानसभा चुनाव में 21 सीटें जीतने के बाद भी दो स्थानीय दलों -- एनपीपी एवं एनपीएफ के साथ मिलकर सरकार बनायी थी। तब कांग्रेस ने 28 सीटें जीती थी। बाद में कांग्रेस एवं कुछ अन्य दलों के विधायकों के दल-बदल करने से विधानसभा में भाजपा का संख्याबल बढ़ गया था। मणिपुर में 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 फरवरी और तीन मार्च को दो चरणों में चुनाव होंगे। मतगणना 10 मार्च को होगी। सिंह ने यहां पीटीआई-भाषा के साथ एक साक्षात्कार में कहा, '' चुनाव में भारी बदलाव नजर आयेगा। हम अपनी सीटें दोगुनी कर लेंगे और हम दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं। ''
Next Story