
Manipur मणिपुर: मणिपुर पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन यूनिट ने केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ मिलकर कांगपोकपी जिले में एक संयुक्त अभियान के दौरान नाबालिग समेत दो कथित वसूली करने वालों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस बुलेटिन के अनुसार यह कार्रवाई शुक्रवार को कांगपोकपी जिले के गमनोम सपेरमेइना पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत पंगमौल गांव में की गई। आरोपियों को उस समय पकड़ा गया जब वे कथित रूप से ट्रकों को रोककर जबरन पैसे वसूलने की कोशिश कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंगमौल गांव निवासी थंगजामांग हाओकिप (43) और कांगचुप पोनलियन गांव निवासी हेनमिनलुन उर्फ बोइलुन मिसाओ (18) के रूप में हुई है। इनमें से एक आरोपी नाबालिग बताया गया है।
पुलिस के अनुसार थंगजामांग हाओकिप को संबंधित थाने को सौंप दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया और पुनर्वास के लिए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई उन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन और एरिया डोमिनेशन अभियान का हिस्सा है, जो संवेदनशील और सीमावर्ती माने जाते हैं। हाल के दिनों में ऐसे इलाकों में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।
इसी अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं को ले जा रहे 288 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई। अधिकारियों ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस का कहना है कि एक्सटॉर्शन और अवैध वसूली जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि ट्रांसपोर्ट और सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो।





