मणिपुर

मणिपुर में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी घायल

Deepa Sahu
1 Jun 2023 6:16 PM GMT
मणिपुर में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी घायल
x
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार रात कुम्बी पुलिस थाने के तांगजेंग में मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को इंफाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ''इंफाल पूर्वी जिले के चानुंग से भी भारी गोलीबारी की खबर है। हमें वहां से अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।'' केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को यहां कहा कि सरकार मणिपुर में शांति बहाल करने और आंतरिक रूप से विस्थापित सभी लोगों की उनके घरों में जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य में राहत शिविरों में मैतेई और कुकी दोनों समुदायों के पीड़ितों से मुलाकात की, उन्होंने उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार का ध्यान उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करना है।
शाह ने कहा, "हम जल्द से जल्द मणिपुर में शांति बहाल करने और उनकी (शरणार्थियों की) उनके घरों में वापसी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" करीब एक महीने पहले पहाड़ी जिलों में अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में 'आदिवासी एकजुटता मार्च' आयोजित किए जाने के बाद राज्य में जातीय संघर्ष छिड़ गया था।
एक पखवाड़े से अधिक की शांति के बाद, राज्य में रविवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष और गोलाबारी में अचानक तेजी देखी गई। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक हिंसा में 80 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। सेना और पुलिस बल छिपे हुए हथियारों के जखीरे के लिए राज्यव्यापी तलाशी अभियान चला रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि ड्रोन से निगरानी और सुरक्षा बलों की तैनाती भी जारी है।
Next Story