- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पनवेल-कर्जत सवर्बन...
महाराष्ट्र
पनवेल-कर्जत सवर्बन कॉरिडोर का काम तेज, 2025 तक दौडेगी लोकल ट्रेन
Rani Sahu
22 Aug 2022 9:51 AM GMT

x
पनवेल-कर्जत सवर्बन कॉरिडोर का काम तेज
मुंबई: एमएमआर (MMR) में बढ़ती आबादी की जरूरतों को देखते हुए यातायात संसाधनों का विकास तेजी से हो रहा है। मेट्रो के साथ-साथ उपनगरीय रेल मार्गों का भी विस्तार किया जा रहा है। मध्य रेलवे (Central Railway) के अंतर्गत आने वाले उपनगर पनवेल (Panvel) को लोकल द्वारा सीधे कर्जत (Karjat) से जोड़ने का काम एमआरवीसी के माध्यम से शुरू है। बताया गया है,कि पनवेल-कर्जत लोकल कॉरिडोर के लिए जमीन का अधिग्रहण लगभग पूरा हो चुका है।
इस रूट पर वन और पर्यावरण विभाग की ओर से भी प्रिसिपल क्लियरेंस मिल गया है। उल्लेखनीय है कि प्रोजेक्ट के लिए वन विभाग की 9 हेक्टेयर जमीन का हस्तानांतरण हो गया है। इसके अलावा अन्य काम की मंजूरी मिल गई है, जिससे प्रोजेक्ट में देरी की संभावना कम है। एमआरवीसी के प्रवक्ता सुनील उदासी के अनुसार, पनवेल-कर्जत लाइन का सिविल वर्क शुरू कर दिया है।
29.6 किलोमीटर का कॉरिडोर
29.6 किलोमीटर का यह लोकल रेल कॉरिडोर एमयूटीपी-3 के तहत बनाया जा रहा है। वैसे पनवेल से कर्जत सिंगल ट्रैक है, जिसका उपयोग लंबी दूरी की ट्रेनों और मालगाड़ी के लिए होता है। फ़िलहाल सीधे कर्जत जाने के लिए लोकल यात्रियों को मेनलाइन पर कल्याण से होकर जाना होता है। सड़क मार्ग से दोनों स्थानों पर जाने के लिए काफी समय लगता है। यह लोकल कॉरिडोर पनवेल, खालापुर और कर्जत इन तीन तालुकों से होकर गुजरेगा।
2782 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट
एमआरवीसी के अनुसार, इस परियोजना के लिए 2,782 करोड़ रुपए की मंजूरी रेलवे से मिली है। सीएमडी एस.सी. गुप्ता के मार्गदर्शन में पनवेल-कर्जत लोकल ट्रैक का काम शुरू है। सीएमडी गुप्ता के अनुसार, मार्च 2025 तक काम पूरा करने का टार्गेट है। पनवेल से कर्जत नए सवर्बन कॉरिडर बनने से मुंबई और कर्जत के बीच लोकल यात्रा क़रीब 30 से 35 मिनिट का समय बचेगा। इसके अलावा 5 वें उपनगरीय कॉरिडोर पर तेजी से विकास होगा। पनवेल से कर्जत सीधी लोकल सेवा शुरू होने पर लाखों लोगों को इसका लाभ होगा।
हटाने होंगे 1,800 पेड़
इस रेल मार्ग के आड़े आने वाले लगभग 1,800 पेड़ हटाने होंगे।इनकी जगह एमआरवीसी ने 5 गुना अथार्थ 9 हजार पेड़ लगाने की योजना बनाई है।
लोकल कॉरिडोर की विशेषता
पनवेल-कर्जत सवर्बन कॉरिडोर के बीच पनवेल, चिखले, मोहोपे, चौक और कर्जत ये 5 स्टेशन होंगे। कॉरिडोर पर छोटे बड़े 68 ब्रिज बनेंगे। एमआरवीसी के अनुसार 2 फ्लाईओवर, 8 बड़े और 36 छोटे ब्रिज,15 आरयूबी,7 आरओबी और 3 टनेल बनाए जाएंगे। जमीन का अधिग्रहण होने के बाद तीन कांट्रेक्टर के माध्यम से काम शुरू किया गया है। टनेल के काम की निविदा भी निकाली जा चुकी है। सभी छोटे बड़े ब्रिज अप्रूव हो चुके हैं। सबसे लंबा ब्रिज 2.5 किलोमीटर का बनेगा।

Rani Sahu
Next Story