महाराष्ट्र

स्वच्छता को बनाना चाहते हैं बड़ा जनआंदोलन: लोढ़ा

Rani Sahu
8 Dec 2022 6:24 PM GMT
स्वच्छता को बनाना चाहते हैं बड़ा जनआंदोलन: लोढ़ा
x
मुंबई। पिछले एक दिसंबर से बृहन्नमुंबई महापालिका क्षेत्र में 'माझी मुंबई- स्वच्छ मुंबई' अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 31 दिसंबर तक चलेगा। मुंबई उपनगर के पालक मंत्री और पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा (Mangal Prabhat Lodha) ने बांद्रा पूर्व परिसर में इस अभियान का शुभारंभ किया था। 'हमारा महानगर' से विशेष बातचीत में लोढ़ा ने कहा कि जनता को साथ लेकर यह बड़ा अभियान छेड़ा गया है। हमारी कोशिश आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक कर उनकी आदत बदलना है। इस अभियान के तहत 3 हजार 600 कॉमन टायलट का पूरी तरह नवीनीकरण किया जाएगा और उन्हें सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुंबई उपनगर के पालक मंत्री ने कहा कि 'माझी मुंबई-स्वच्छ मुंबई' (Majhi Mumbai-Clean Mumbai) अभियान में 3 लाख लोगों को जोड़ा जा रहा है। यह जनता का अभियान है। इस अभियान में एनजीओ, स्कूल, औद्योगिक संस्थाएं, धार्मिक संस्थाएं, गणपति मंडल, गोंविदा मंडल, साईबाबा मंडल और रेलवे के अधिकारी जुड़े हुए हैं। महाराष्ट्र में इसके पहले इतना बड़ा सफाई अभियान कभी नहीं चलाया गया।
यह पूछे जाने पर कि संस्थाएं इस अभियान में किस तरह से सहभागी हो रही हैं? इस सवाल के जवाब में लोढ़ा ने कहा कि निजी संस्थाएं खुद अपना इलाका साफ कर रहे हैं। स्कूली छात्र अपने स्कूल और आसपास का इलाका साफ कर रहे हैं, स्कूली छात्र दीवारों का रंग-रोगन कर रहे हैं। सोसाइटी वाले अपनी सोसाइटी और आसपास का इलाका साफ कर रहे हैं, वहीं पुलिस कर्मी अपने पुलिस स्टेशन और आसपास का इलाका साफ कर रहे हैं। रेलवे विभाग के अधिकारी भी स्वच्छता अभियान में सहयोग दे रहे हैं। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'स्वस्थ भारत-स्वच्छ भारत' का नारा दिया है। अभियान का मकसद इस कार्य को आगे बढ़ाना है। अस्वच्छता होने से बीमारियां पैदा होती है, प्रदूषण होता है। एक बार आम लोगों की आदत अच्छी बन गई तो मुंबई साफ सुथरी और ज्यादा अच्छी बनेगी। उपनगर के पालक मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान 3 हजार 500 कॉमन टॉयलेट (3 thousand 500 common toilets) को रिनोवेट किया जा रहा है। इन टॉयलेट को सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां कपड़ा धोने और नहाने की जगह भी होगी। लोढ़ा ने कहा कि हम इसे बड़ा जनआंदोलन बनाना चाहते हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अभियान में सेलेब्रिटी भी अपना योगदान दे रही हैं, हालांकि हमारा प्रयास जनता को अधिक से अधिक जोड़ना है। अभियान के शुरू होने के बाद परिवर्तन भी दिखने लगा है। हमारी कोशिश लोगों की आदत बदलना है। हम बड़ी संख्या में महिलाओं के टॉयलेट भी बना रहे हैं। बता दें कि 'माझी मुंबई, स्वच्छ मुंबई' अभियान बृहन्नमुंबई महापालिका के सभी 24 विभागों में चलाया जा रहा है।
पुरस्कार के लिए काम नहीं करते
पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि हम पुरस्कारों के लिए काम नहीं करते। हमारा उद्देश्य मुंबई को साफ-सुथरा शहर बनाना है। अभियान के तहत एक दिन में 500 कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके पहले मंगल प्रभात लोढ़ा ने 'पालक मंत्री आपके द्वार' अभियान चलाया था। उन्होंने कहा कि आम जनता से इस अभियान का अच्छा प्रतिसाद मिला।

{ जनता से रिश्ता इस खबर की पुष्टि नहीं करता है ये खबर जनसरोकार के माध्यम से मिली है और ये खबर सोशल मीडिया में वायरलहो रही थी जिसके चलते इस खबर को प्रकाशित की जा रही है। इस पर जनता से रिश्ता खबर की सच्चाई को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।}

Next Story