महाराष्ट्र

मीरा रोड में बनेगा उत्तर भारतीय भवनः संतोष आरएन सिंह

Rani Sahu
22 Nov 2022 8:36 AM GMT
मीरा रोड में बनेगा उत्तर भारतीय भवनः संतोष आरएन सिंह
x
संतोष आरएन सिंह
मुंबई। उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने रविवार को मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन बनाने के लिए संकल्प अभियान शुरू किया। इस कार्यक्रम में संतोष आरएन सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर भारतीय संघ का विस्तार किया जाएगा और पूरे महाराष्ट्र में संघ की शाखाएं खोली जाएंगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन बनाया जाएगा, जिसके लिए उत्तर भारतीय समाज के सभी लोगों से सहभागी होने की अपील की।
सिंह ने जानकारी दी कि राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) ने मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन के लिए जगह उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि उत्तर भारतीय संघ, मुंबई में 1949 में बनी सबसे पुरानी संस्था है। उत्तर भारतीय संघ के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय बांकेराम तिवारी ने मुंबई में एक उत्तर भारतीय संघ भवन बनाने का सपना संजोया था, जिसकी पूर्ति स्वर्गीय बाबू आरएन सिंह ने की और बांद्रा में एक भव्य उत्तर भारतीय संघ भवन बनाया गया। मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन बनाने के लिए संघ अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने 25 लाख रुपए देने का वादा किया। साथ ही यह आश्वासन भी दिया कि पूरा भवन उत्तर भारतीय संघ और समाज के सहयोग से बनाया जाएगा।
गरीब उत्तर भारतीयों के लिए एक भवन जरूरी
आरएन सिंह ने एक सपना देखा था कि मीरा रोड-भायंदर (Mira Road-Bhayander) में बड़े पैमाने पर उत्तर भारतीय समाज के लोग रहते हैं, जिसमें बड़ी संख्या में गरीब जनता है। उनके लिए शादी-विवाह सहित अन्य कार्यक्रम करने के लिए मीरा रोड में एक भवन होना जरूरी है, इसी संकल्पना को पूरा करने के लिए मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन बनाने का संकल्प अभियान छेड़ा गया है।
कल्याण में भी होगा भव्य उत्तर भारतीय भवन
मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन बनने के बाद कल्याण में भी एक भव्य उत्तर भारतीय भवन बनाया जाएगा। भाजपा नेता विनोद मिश्रा ने कहा कि उत्तर भारतीय संघ में सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, सहित पूरा भारत शामिल है। अध्यक्ष महोदय जो भी संकल्प लेंगे उसे पूरा करने के लिए पूरा उत्तर भारतीय समाज आपके साथ खड़ा रहेगा।
मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन के इस संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के सभी लोग अपना पूरा सहयोग देंगे, ऐसा मेरा विश्वास है। मिश्रा ने कहा कि कोई दिशा और लक्ष्य ऐसा नहीं कि जिसे उत्तर भारतीय समाज पूरा न कर सके। मीरा रोड के उत्तर भारतीय संघ के विशेष ट्रस्टी अजय सिंह राजपूत ने कहा कि मीरा रोड से आज पांच ट्रस्टी बने हैं, आगामी दिनों में मीरा रोड से मैं अकेले 50 ट्रस्टी संघ को बनाकर दूंगा। राजपूत ने कार्यक्रम को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस कार्यक्रम में उपस्थित नवभारत टाइम्स के वरिष्ठ संवाददाता अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि बाबू आरएन सिंह नहीं होते तो शायद बांद्रा में भव्य उत्तर भारतीय संघ भवन नहीं खड़ा हुआ होता। उन्होंने कहा कि उनके सुपुत्र संतोष आरएन सिंह अपने पिता की संकल्पना को पूरा करने के लिए आगे आए हैं, उन्हें टीम संतोष जैसे मिलकर सभी को सहयोग देना चाहिए।
मीरा रोड हिंदी भाषियों की राजधानी है और सबसे ज्यादा श्रमिक भी यहीं रहते हैं, उन्हें इसका जरूर लाभ मिलेगा। जो लोग इस भवन को बनाने में अपना सहयोग देंगे, वे यहां बनने वाले उत्तर भारतीय भवन के वृक्ष की जड़ के रूप काम करेंगे।
मीरा रोड के लोग भवन बनाने में करेंगे पूरा सहयोग
भाजपा मीरा रोड जिला अध्यक्ष रवि व्यास ने कहा कि उत्तर भारतीय समाज एक मेहनतकस समाज है, उस समाज के लिए उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष एक सपना लेकर आये हैं। मीरा रोड का नागरिक यहां पर भवन बनाने के लिए अपना पूरा सहयोग देगा।
शिवसेना नेता और पूर्व मनोनीत नगरसेवक विक्रम प्रताप सिंह ने कहा कि मुंबई में रहने वाले जो भी विधायक और सांसद बने हैं, उनके लिए उत्तर भारतीय संघ नर्सरी का काम करता है। मुंबई में आने वाला कोई प्रभावी नहीं है, लेकिन अपने कर्म से प्रभावी बना दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय संघ ने जो संकल्प लिया है, वह जरूर पूरा होगा और उत्तर भारतीयों के लिए मीरा रोड की शान बनेगा। उन्होंने अपनी ओर से 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
भवन बनने से आम जनता को मिलेगा बड़ा लाभ
उत्तर भारतीय संघ के युवा मोर्चा के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि आरएन सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद से समाज के विकास की गंगा बहती चली आ रही है और उत्तर भारतीय संघ ने संकल्प लिया है तो मीरा रोड में भी उत्तर भारतीय भवन बन कर रहेगा, उसमें कोई शंका नहीं होनी चाहिए। मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन से यहां की आम जनता को बड़ा लाभ मिलेगा।
बिहार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष फूल सिंह ने कहा कि हम जिस राज्य में रहते हैं, वहां के लोगों को दिल से लगा लेते हैं। हम मेहनतकस लोग हैं। उत्तर भारतीय संघ अपने लोगों के लिए एक सराहनीय कार्य कर रहा है। मीरा रोड की इस धरती पर उत्तर भरतीय भवन बने, यही उत्तर भारतीय समाज का सपना है। मुझे आशा है कि उत्तर भारतीय समाज के सभी लोगों को जोड़कर संतोष आरएन सिंह उसे जरूर पूरा करेंगे।
उत्तर भारतीय संघ के उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम तिवारी ने कहा कि बाबू आरएन सिंह का सपना था कि उत्तर भारतीय संघ पूरे महाराष्ट्र में हो, जिसे उनके सुपुत्र संतोष सिंह जरूर पूरा करेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है। आरएन सिंह ने पालघर तक शाखा खोली थी, अब पुणे और औरंगाबाद में भी शाखा खुलेगी। स्वर्गीय आरएन सिंह के नाम से रोड का नाम रखे जाने की भी उन्होंने मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय संघ बनाने का संकल्प रखने वाले बांकेलाल तिवारी के नाम से रोड बना हुआ है। इसीलिए मीरा रोड में आरएन सिंह के नाम से सड़क का नाम बने, यही आशा है। डॉ. तिवारी ने कोषाध्यक्ष अजय सिंह की सराहना की।
कार्यक्रम में ये लोग हुए शामिल
मीरा रोड में उत्तर भारतीय संघ भवन बनाने को लेकर आयोजित किए गए संकल्प अभियान कार्यक्रम में उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह, उपाध्यक्ष राधेश्याम तिवारी, एड. रवि व्यास विशेष ट्रस्टी,भाजपा उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह,उत्तर भारतीय संघ युवा मोर्चा अध्यक्ष संजय सिंह,मीरा रोड शाखा अध्यक्ष बी. के. सिंह, भाजपा नेता विनोद मिश्रा, विशेष ट्रस्टी अजय सिंह, कोषाध्यक्ष अजय कुमार सिंह,देवेंद्र तिवारी प्रभारी, अनुराग त्रिपाठी वरिष्ठ पत्रकार, अक्षयबर तिवारी, वैजनाथ मिश्र , राकेश सिंह, ओम प्रकाश सिंह, विक्रम प्रताप सिंह, फूल सिंह, देवेंद्र डॉ. हृदय नारायण मिश्रा, सूर्य नारायण , एस बी गिरी, मनोज राम नारायण दूबे, राजेश सिंह, धर्मेंद्र चतुर्वेदी, आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में केके तिवारी, आशुतोष मिश्रा, जसप्रीत सेठी, विपिन सिंह, राजबहादुर सिंह का उल्लेखनीय योगदान रहा।
संतोष आरएन सिंह ने की 25 लाख रुपए देने की घोषणा
रविवार से संकल्प अभियान की शुरुआत हुई। इस अवसर पर संतोष आरएन सिंह ने मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन बनाने के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हुई मुलाकात में उन्होंने मीरा रोड में उत्तर भारतीय भवन बनाने को लेकर कहा कि आप मीरा रोड में ऐलान कर दो और जगह दिलाने का काम मैं करूंगा। मीरा रोड में बनने वाले उत्तर भारतीय भवन का नाम राम मनोहर त्रिपाठी और आरएन सिंह भवन होगा। मीरा रोड में बनने वाले भवन का उपयोग इस परिसर में रहने वाली गरीब जनता शादी-विवाह सहित अन्य कार्यक्रम पर कर सकेगी।

Source : Hamara Mahanagar

( जनता से रिश्ता इस खबर की पुष्टि नहीं करता है ये खबर जनसरोकार के माध्यम से मिली है और ये खबर सोशल मीडिया में वायरलहो रही थी जिसके चलते इस खबर को प्रकाशित की जा रही है। इस पर जनता से रिश्ता खबर की सच्चाई को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।)

Next Story