- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- रत्नागिरी तट के पास...
रत्नागिरी तट के पास अरब सागर में नाव पलटने से दो मछुआरे डूबे, एक लापता

महाराष्ट्र में रत्नागिरी तट के पास अरब सागर में एक नौका पलटने से दो मछुआरे डूब गए और एक लापता हो गया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि सभी मछुआरे पालघर जिले के तलासरी के पाटकर पाड़ा के रहने वाले हैं।उन्होंने कहा कि 30 दिसंबर को गुजरात के जूनागढ़ जिले के मांगरोल बंदरगाह से अरब सागर में मछली पकड़ने के लिए चार नौकाएं निकलीं।
अधिकारी ने कहा कि 2 जनवरी को, रत्नागिरी तट से 80 समुद्री मील दूर दीक्षी के पास खड़ी चार नौकाओं में से एक में समुद्र का पानी घुस गया।उन्होंने कहा कि नाव पर सवार सात मछुआरों में से चार को अन्य नावों से मछुआरों ने बचा लिया, जबकि दो अन्य डूब गए और एक लापता हो गया। अधिकारी ने कहा कि दोनों मछुआरों के शव समुद्र से निकाले गए।सभी मछुआरों को अन्य नावों में रत्नागिरी तट पर लाया गया। अधिकारी ने कहा कि दोनों मृतकों के शवों को एंबुलेंस में तलासरी लाया जा रहा है।