महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में महिला की हत्या कर भागे दो आरोपी गिरफ्तार

Suhani Malik
1 Aug 2022 8:52 AM GMT
महाराष्ट्र में महिला की हत्या कर भागे दो आरोपी गिरफ्तार
x

ब्रेकिंग न्यूज़: कानपुर देहात। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में महिला की हत्या कर भागे दो आरोपियों को एसटीएफ की टीम ने रसूलाबाद के रहीम नगर कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से महिला का मोबाइल भी बरामद हुआ है। एसटीएफ ने दोनों हत्यारोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए रसूलाबाद थाना पुलिस को सौंपा। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार को महाराष्ट्र में ठाणे शहर के थाना नारपोली के एपीआई चेतन पाटिल टीम के साथ एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ पहुंचे थे। वहां पुलिस अधिकारियों को बताया कि नारपोली थानाक्षेत्र में एक जुलाई को नफीसा नाम की महिला की हत्या हुई थी। उसके हत्यारोपी सत्यम सिंह व अवधेश सिंह कानपुर देहात या फतेहपुर जिले में छिप कर रह रहे हैं। एसटीएफ की टीम ने सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों का ठिकाना ढूंढ लिया। रविवार को एसटीएफ के दरोगा फिरोज खां की अगुवाई में टीम कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के रहीम नगर कस्बे में पहुंची। पुलिस ने यहां से दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

सत्यम सिंह मूलरूप से फतेहपुर के असोथर क्षेत्र के सरायखाली का रहना वाला है। अवधेश रहीम नगर में ही रहता है। टीम ने हत्यारोपियों के पास से दोनों के आधार कार्ड व दो मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें एक मोबाइल फोन नफीसा का है। एएसपी के मुताबिक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रसूलाबाद पुुलिस को सौंप दिया गया। थाने में आगे की कार्रवाई नारपोली थाना पुलिस कर रही है। पूछताछ में सत्यम ने बताया कि वह नफीसा को जानता था। उसके साथ लिव इन रिलेशन में रह रहा था। दारू पीने को लेकर नफीसा आए उससे झगड़ा करती थी। एक जुलाई को वह नशे में घर पहुंचा, तो नफीसा फिर झगड़ा करने लगी। विवाद बढ़ने पर उसने नशे में नफीसा की हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने अवधेश व दो अन्य लोगों के साथ मिलकर शव को एक स्थान पर छिपा दिया। वह और अवधेश पुलिस से बचने के लिए स्थान बदल-बदल कर दिन गुजार रहे थे। रविवार को दोनों एक काम से सिलसिले में मिले, तो एसटीएफ की टीम ने दबोच लिया। नारपोली थाना पुलिस की टीम सोमवार को हत्यारोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। इसके बाद बी वारंट मिलने पर दोनों को महाराष्ट्र ले जाएगी।

Next Story