- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड़ी पीने से रोकना...
महाराष्ट्र
बीड़ी पीने से रोकना पड़ा भारी, यात्री के चेहरे पर चाकू से हमले का आरोप
jantaserishta.com
27 Nov 2026 5:47 PM IST

x
सांकेतिक तस्वीर
जांच जारी.
ठाणे: मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर के दौरान बीड़ी पीने से रोकना एक यात्री को भारी पड़ गया. ठाणे जिले में चलती लोकल ट्रेन के अंदर दो लोगों ने कथित तौर पर रेलवे यात्री संघ के एक प्रतिनिधि पर चाकू से हमला कर दिया.
पीड़ित का आरोप है कि उसने ट्रेन में बीड़ी पी रहे दो लोगों को ऐसा करने से रोका था. इसके बाद दोनों आरोपी आक्रामक हो गए और उन्होंने धारदार हथियार से उसके चेहरे पर वार कर दिया. घटना शुक्रवार सुबह कासारा-CSMT लोकल ट्रेन में ठाकुर्ली के पास हुई.
पीड़ित भारत टोपले कल्याण-कासारा रेलवे कम्यूटर एसोसिएशन के शाहद प्रतिनिधि हैं. उन्होंने बताया कि वह कासारा-CSMT लोकल ट्रेन के लगेज कोच में सफर कर रहे थे, तभी ठाकुर्ली के पास उन पर हमला किया गया.
यात्री संघ के सदस्यों के मुताबिक, ट्रेन के लगेज कोच में दो लोग बीड़ी पी रहे थे और धुआं पूरे डिब्बे में फैल रहा था. कोच में सामान ढोने वाले लोग और दूध बेचने वाले समेत कई यात्री मौजूद थे, लेकिन विवाद या झगड़े के डर से किसी ने दोनों को रोकने की हिम्मत नहीं की.
भारत टोपले ने दोनों लोगों को समझाया कि लोकल ट्रेन के अंदर धूम्रपान करना प्रतिबंधित है. उन्होंने दोनों से कहा कि अगर उन्हें बीड़ी पीनी है तो ट्रेन से उतरकर पीएं. आरोप है कि उनकी इस बात पर दोनों लोग भड़क गए और उन्होंने धारदार चाकू से टोपले के चेहरे पर वार कर दिया. हमले में टोपले घायल हो गए और उनके चेहरे से खून बहने लगा. इसके बाद दोनों आरोपी अगले स्टेशन पर उतरकर मौके से फरार हो गए.
भारत टोपले ने घटना को लेकर लोकल ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि अगर सुबह के व्यस्त समय में इस तरह के हमले हो रहे हैं, तो लोकल ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है.
रेलवे यात्री संघ के दूसरे सदस्यों ने भी घटना पर नाराजगी जताई और Government Railway Police (GRP) से दोनों आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की. कल्याण जीआरपी के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर सकती है.
फिलहाल घटना को लेकर यात्री संघ के सदस्यों ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने और लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





