महाराष्ट्र

मुंबई में खुलेगा आंखों का विशेष अस्पताल

Rani Sahu
15 Sept 2022 10:10 PM IST
मुंबई में खुलेगा आंखों का विशेष अस्पताल
x
मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने कहा कि मुंबईकरों को उत्तम स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का पुनर्विकास तेजी से किया जाए। साथ ही मुंबई में नेत्र विकारों के लिए एक विशेष अस्पताल की स्थापना की जाए। मुख्यमंत्री ने फिलहाल मुंबई महापालिका की तरफ से 19 उपनगरीय अस्पतालों का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मुंबई महानगर में स्वास्थ्य सुविधाओं का स्तर बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश भर से कैंसर रोग (cancer disease) के उपचार के लिए बड़ी संख्या में लोग टाटा अस्पताल में आते हैं। ऐसे में लोकमान्य नगर की म्हाडा कॉलोनी में मरीजों व उनके परिजनों के ठहरने के लिए कमरे उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा सायन, सांताक्रुज में इसी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बीएमसी को निर्देश दिए गए। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन, विधायक सदा सरवणकर, मुख्य सचिव मनुकुमार श्रीवास्तव, मुंबई मनपा आयुक्त आईएस चहल, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्‍य सचिव प्रदीप व्यास, म्हाडा के प्रबंध निदेशक अनिल डिग्गीकर, शहरी विकास विभाग की प्रमुख सचिव सोनिया सेठी, चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव सौरभ विजय आदि उपस्थित थे।
बीएमसी के माध्यम से फिलहाल केईएम, सायन, नायर, कूपर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज और नायर डेंटल कॉलेज के साथ पूर्व और पश्चिम उपनगरों में आठ-आठ को मिलाकर कुल 16 उपनगरीय अस्पताल चलाए जाते हैं। उपनगरों में 4 बड़े, 4 मध्यम और 8 छोटे अस्पतालों की कुल बेड क्षमता तकरीबन 3245 है। बोरीवली में हरिलाल भगवती अस्पताल, गोरेगांव में सिद्धार्थ अस्पताल, बांद्रा में खुर्शादजी बेहरामजी भाभा अस्पताल, मुलुंड में मनसादेवी तुलसीदास अग्रवाल अस्पताल, विक्रोली में क्रांतिवीर महात्मा ज्योतिबा फुले अस्पताल, गोवंडी में शताब्दी अस्पताल,घाटकोपर में राजावाड़ी अस्पताल का पुनर्विकास काम प्रगति पर है। वहीं चांदीवली में संघर्ष नगर, कांदिवली में भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, नाहुर में भांडुप मल्टीस्पेशलिटी जैसी नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इस बात की जानकारी देते हुए आईएस चहल ने कहा कि कमाठीपुरा ई विभाग में सिद्धार्थ नेत्र अस्पताल के पुनर्विकास का काम प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने मनपा आयुक्त को निर्देश दिया कि विक्रोली में क्रांतिवीर महात्मा फुले ज्योतिबा फुले अस्पताल के पुनर्विकास के दौरान 500 बेड की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही वहां सुपरस्पेशलिटी (superspeciality) सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए तथा इस अस्पताल का काम पूरा होने तक क्षेत्र के मरीजों का इलाज नर्सिंग अस्पताल में कराया जाए। एएए हेल्थकेयर संगठन की तरफ से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए कूपर,सायन और नायर अस्पताल का ऑडिट किया गया है। इस दौरान इसका प्रजेंनटेशन किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के सामान्य अस्पतालों का भी इसी तरीके से ऑडिट कराने का निर्देश दिया।
Next Story