महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में हैरान करने वाला मामला, बेटी ने 4 साल तक फ्रीजर में रखा पिता का शव

Tulsi Rao
30 Sept 2026 9:27 AM IST
महाराष्ट्र में हैरान करने वाला मामला, बेटी ने 4 साल तक फ्रीजर में रखा पिता का शव
x

महाराष्ट्र: मुंबई के मालाड इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेटी ने अपने पिता के शव को करीब चार साल तक फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बेटी अपने पिता से बेहद भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई थी और चाहती थी कि उनका शव लंबे समय तक सुरक्षित रहे।

पुलिस के अनुसार 78 वर्षीय बुजुर्ग लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। जून 2022 में दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद बेटी ने डॉक्टर से डेथ सर्टिफिकेट भी बनवा लिया था। प्रारंभिक जांच में बुजुर्ग की मौत प्राकृतिक कारणों से होने की बात सामने आई है और किसी आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।

मौत के बाद बेटी ने पिता के शव को मालाड ईस्ट स्थित एक चॉल में चल रहे डे-केयर सेंटर के फ्रीजर में रखवा दिया। पूछताछ में सामने आया कि उसकी योजना शव को केवल फ्रीजर में सुरक्षित रखने तक सीमित नहीं थी। वह पिता के शव को अमेरिका भेजने की तैयारी कर रही थी।

बेटी ने अमेरिका की एक ऐसी संस्था से संपर्क किया था, जो शवों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की सेवा देती है। इसके लिए वह जरूरी कानूनी प्रक्रिया, दस्तावेज और पैसों का इंतजाम करने में जुटी थी। बताया गया कि वह लगातार संबंधित संस्था के संपर्क में थी और कानूनी सलाह भी ले रही थी। इस दौरान वह खुद अंधेरी वेस्ट में रह रही थी।

मामले का खुलासा चॉल के रीडेवलपमेंट की प्रक्रिया के दौरान हुआ। करीब 2,000 वर्ग फुट से ज्यादा क्षेत्र में फैली इस जगह को खाली कराने की तैयारी शुरू हुई तो फ्रीजर में शव होने की जानकारी सामने आई।

मकान मालिक के मुताबिक उसने साल 2022 की शुरुआत में यह जगह अब्दुल रहमान नाम के व्यक्ति को किराए पर दी थी। बाद में यह परिसर दूसरे मैनेजमेंट को सौंप दिया गया, जहां क्लिनिक और डे-केयर सेंटर चलाया जा रहा था। मकान मालिक का कहना है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि फ्रीजर के अंदर किसी व्यक्ति का शव रखा गया है।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शव को इतने लंबे समय तक फ्रीजर में रखने की पूरी प्रक्रिया कैसे चली और इसके लिए किन-किन लोगों की भूमिका रही।

Next Story