महाराष्ट्र

शिवसेना और शिंदे गुट भिड़े, सरवणकर पर लगा गोली चलाने का आरोप

Rani Sahu
11 Sep 2022 9:14 AM GMT
शिवसेना और शिंदे गुट भिड़े, सरवणकर पर लगा गोली चलाने का आरोप
x
मुंबई - प्रभादेवी में आधी रात को शिवसेना (Shiv Sena) और शिंदे गुट भिड़ गए। गणेश विसर्जन के दौरान हुई बहस मारपीट में बदल गई। शिवसेना ने यह आरोप लगाया है कि शिंदे समूह के विधायक सदा सरवणकर (Sada Saravankar) ने हवा में फायरिंग (Firing in the air) की। हालांकि, सरवणकर ने इन आरोपों का खंडन किया है।
गणेश विसर्जन के दिन शुक्रवार को शिव सेना द्वारा प्रभादेवी में गणेश भक्तों के स्वागत के लिए मंच तैयार किया गया। शिंदे समूह ने इस मंच के बगल में एक मंच भी स्थापित किया था। शिवसेना का आरोप है कि शिंदे समूह के लोगों ने शिवसेना के नेताओं को गालियां दीं। इससे शिंदे समूह के पूर्व पार्षद समाधान सरवणकर और शिवसेना के पूर्व पार्षद हेमांगी वरळीकर के बीच विवाद हो गया। यह विवाद मौखिक तकरार में बदल गया। इस बीच, शिवसेना के उपनेता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडणेकर ने शनिवार को दादर थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई।
जब लग रहा था कि विवाद यहीं खत्म हो जाएगा तो शिंदे समूह के संतोष तेलावणे ने फेसबुक और व्हाट्सएप पर एक पोस्ट लिखकर इस विवाद को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इससे नाराज होकर शिवसैनिकों ने शनिवार को संतोष तेलावणे की पिटाई कर दी। इसके बाद समाधान सरवणकर ने प्रभादेवी सर्कल के पास हंगामा किया। साथ ही कहा जा रहा है कि उसकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई थी। इसलिए दादर थाने की पुलिस ने दोनों गुटों के लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद दादर थाने के बाहर दोनों गुटों के कार्यकर्ता जमा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्की लाठियों का सहारा लेना पड़ा। विधायक सदा सरवणकर को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। शिवसेना का आरोप है कि सदा सरवणकर ने इस बार हवा में फायरिंग की। शिवसेना का दावा है कि इस फायरिंग में शिवसेना के विभाग प्रमुख महेश सावंत और एक पुलिस अधिकारी बाल-बाल बच गए। हालांकि, सदा सरवणकर ने इन सभी आरोपों का खंडन किया है। इस बीच सदा सरवणकर आज सुबह चार बजे थाने से निकले। इस बार उन्होंने कहा कि घरेलू मामले को लेकर विवाद हुआ था।
Next Story