- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई में एक अक्टूबर...

x
मुंबई। आगामी एक अक्टूबर से आम मुंबईकरों को रिक्शा और टैक्सी (Rickshaw and taxi) के किराए में अधिक रकम खर्च करनी पड़ेगी। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (एमएमआरटीए) ने टैक्सी के किराए में तीन रुपए और रिक्शा के किराए में दो रुपए की वृद्धि कर दी है। मुंबई और मेट्रोपोलिटन क्षेत्र के लोगों को अब काली-पीली टैक्सी से सफर करने पर न्यूनतम किराया 28 रुपए और ऑटोरिक्शा से यात्रा पर न्यूनतम किराया 23 रुपए देना होगा। किराए की नई दरें एक अक्टूबर से प्रभावी होंगी।
सीएनजी और पेट्रोल की कीमतों में तेजी से वृद्धि के बाद टैक्सी और ऑटो रिक्शा यूनियन सरकार से किराया बढ़ाने की मांग कर रही थी। पिछले 23 सितंबर को मंत्रालय में टैक्सी-ऑटो रिक्शा यूनियन और उद्योग मंत्री उदय सामंत की बैठक में किराया बढ़ाने पर सहमति बन गई थी। ऑटो-टैक्सी यूनियन ने 15 सितंबर को हड़ताल पर जाने का फैसला किया था, लेकिन सरकार से चर्चा के बाद इस हड़ताल को आगे टाल दिया गया। इसके बाद 26 सितंबर से फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया। हड़ताल को देखते हुए सरकार की तरफ से रिक्शा-टैक्सी यूनियन के संगठनों को चर्चा के लिए बुलाया था।
अब किराए की नई दर के अनुसार डेढ़ किलोमीटर दूरी के लिए काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया अब 25 रुपए की जगह 28 रुपए होगा, जबकि इतनी ही दूरी के लिए ऑटो रिक्शा का किराया 21 रुपए की जगह अब 23 रुपए होगा। न्यूनतम डेढ़ किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा पर यात्रियों को काली-पीली टैक्सी से सफर पर प्रति किलोमीटर 16.93 रुपए की जगह 18.66 रुपए किराया देना होगा। जबकि ऑटो रिक्शा से सफर करने पर प्रति किलोमीटर 14.20 रुपए की जगह 15.33 रुपए किराया देना होगा। महाराष्ट्र परिवहन सचिव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई एमएमआरटीए की बैठक में यह फैसला लिया गया, लेकिन इसका ऐलान इसके ब्योरे पर हस्ताक्षर के बाद किया गया। मुंबई महानगर क्षेत्र में 60 हजार टैक्सी और करीब 4.6 लाख ऑटो रिक्शा अभी तक एक मार्च, 2021 को निर्धारित दर के अनुसार किराया ले रहे थे। एमएमआरटीए ने कहा कि नई दर पेट्रोल और सीएनजी संचालित टैक्सी पर लागू होगी। यह भी कहा गया कि एक मार्च 2021 में सीएनजी गैस की कीमत 49 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जो अब 80 रुपए प्रति किलोग्राम है। इसके अलावा महंगाई और गुजर-बसर खर्च समेत अन्य खर्चे भी बढ़ चुके हैं। ब्लू-सिल्वर 'कूल' कैब टैक्सी का न्यूनतम दूरी के लिए किराया प्रति किलोमीटर 30 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए कर दिया गया है और इसके बाद प्रति किलोमीटर 26.71 रुपए की दर से किराया देना होगा। एमएमआरटीए ने किराया मीटर को फिर से नई दर के अनुरूप समायोजित करने के लिए एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक का समय दिया है।
Next Story