- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- आइसक्रीम फ्रीजर में...

x
महाराष्ट्र : क्विक-कॉमर्स कंपनियों के स्टोर में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठे हैं। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित एक ब्लिंकिट स्टोर का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पैक्ड आइसक्रीम और अन्य खाद्य उत्पादों के पास फ्रीजर के अंदर एक जिंदा चूहा घूमता दिखाई दे रहा है। घटना कल्याण पूर्व के गोदरेज हिल इलाके की बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कुछ युवक आइसक्रीम खरीदने के लिए ब्लिंकिट के स्थानीय स्टोर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर फ्रीजर के अंदर घूम रहे चूहे पर पड़ी। फ्रीजर में पैक्ड आइसक्रीम और दूसरे उत्पाद रखे हुए थे। युवकों ने तत्काल अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और उपभोक्ताओं ने स्टोर की स्वच्छता व्यवस्था पर नाराजगी जताई है।
वायरल फुटेज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कल्याण स्थित संबंधित स्टोर का निरीक्षण किया है या नहीं। खबर लिखे जाने तक मामले में ब्लिंकिट की विस्तृत प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई थी। स्थानीय लोगों ने FDA और नगर निकाय से स्टोर की जांच करने तथा आरोप सही मिलने पर कार्रवाई करने की मांग की है।
86 प्रतिष्ठानों की जांच
कल्याण की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब महाराष्ट्र FDA ने ऑनलाइन खाद्य सामग्री बेचने और पहुंचाने वाले डार्क स्टोर्स तथा गोदामों के खिलाफ राज्यव्यापी जांच अभियान चलाया है। अधिकारियों के अनुसार 13 अगस्त को कुल 86 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। गंभीर अनियमितताओं के आधार पर 14 फूड लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि 60 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया। एक प्रतिष्ठान को तत्काल कारोबार बंद करने का निर्देश भी दिया गया।
निलंबित किए गए 14 लाइसेंस में ब्लिंकिट और जेप्टो से जुड़े पांच-पांच प्रतिष्ठान शामिल हैं। इंस्टामार्ट से संबंधित दो लाइसेंस तथा भगवती स्टोर्स और स्विंस्टा एंटरप्राइजेज के एक-एक लाइसेंस को निलंबित किया गया। कार्रवाई FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे के निर्देशन में की गई।
जांच में सामने आईं गंभीर कमियां
FDA ने निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, तापमान नियंत्रण, साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की जांच की। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा रिकॉर्ड, लाइसेंस प्रदर्शित करने की व्यवस्था और FIFO तथा FEFO जैसे इन्वेंट्री नियमों के अनुपालन को भी देखा गया।
पुणे के लोहेगांव स्थित एक जेप्टो प्रतिष्ठान में कथित रूप से ‘यूज बाय’ तारीख बीत जाने के बाद भी खाद्य सामग्री रखी हुई मिली। वारजे जकात नाका स्थित स्विंस्टा एंटरप्राइजेज के परिसर में कॉकरोच, अपर्याप्त कीट नियंत्रण और फ्रोजन उत्पादों की कोल्ड चेन से जुड़ी कमियां सामने आईं।
मुंबई के मालाड स्थित ब्लिंकिट के डार्क स्टोर में भी साफ-सफाई और तापमान नियंत्रण से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं मिलने की खबर है। कुछ कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे और कर्मचारी जरूरी सुरक्षात्मक सामग्री के बिना काम करते पाए गए। घाटकोपर के एक परिसर में कॉकरोच, सड़ी सब्जियां, खराब जल निकासी और शौचालय संबंधी कमियों का उल्लेख किया गया।
बांद्रा स्थित इंस्टामार्ट से जुड़े प्रतिष्ठान में खाद्य पैकेटों के पास चूहों की मैंगनी और छिपकलियां मिलने की बात सामने आई। कराड के एक ब्लिंकिट प्रतिष्ठान में बड़ी संख्या में डिलीवरी कर्मचारियों के पास पहचान पत्र और मेडिकल प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं होने का आरोप है। डिलीवरी बैग पर FSSAI लाइसेंस नंबर प्रदर्शित नहीं होने की शिकायत भी मिली।
उपभोक्ता इन बातों का रखें ध्यान
ऑनलाइन मंगाया गया खाद्य उत्पाद प्राप्त करते समय पैकेजिंग, एक्सपायरी या ‘यूज बाय’ तारीख और सील जरूर जांचनी चाहिए। फ्रोजन सामान पिघला हुआ मिले, पैकेट क्षतिग्रस्त हो या उसमें दुर्गंध आए तो उसका सेवन नहीं करना चाहिए। ग्राहक उत्पाद की तस्वीर और बिल सुरक्षित रखकर प्लेटफॉर्म तथा खाद्य सुरक्षा विभाग से शिकायत कर सकते हैं।
FDA ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी रहेगी। तेजी से बढ़ते क्विक-कॉमर्स कारोबार के बीच उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डार्क स्टोर्स में स्वच्छता, तापमान नियंत्रण और कीट प्रबंधन की नियमित निगरानी जरूरी मानी जा रही है।
TagsIce creamfreezerratcleanlinessarrangementquestionआइसक्रीमफ्रीजरचूहासफाईव्यवस्थासवालजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





