महाराष्ट्र

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने मुंबई अग्निकांड पर शोक व्यक्त किया, 7 मृतकों में 5 महिलाएं शामिल

Rani Sahu
6 Oct 2023 2:24 PM GMT
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने मुंबई अग्निकांड पर शोक व्यक्त किया, 7 मृतकों में 5 महिलाएं शामिल
x
मुंबई (आईएएनएस)। मुंबई के उपनगरीय गोरेगांव में शुक्रवार तड़के एक इमारत के पार्किंग स्थल में भीषण आग लग गई। इस घटना में पांच महिलाओं सहित कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और 61 अन्य घायल हो गए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य ने इस त्रासदी पर दुख व्यक्त किया और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। जबकि, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा और सभी घायलों के लिए मुफ्त इलाज की घोषणा की है।
बीएमसी आपदा नियंत्रण के अनुसार, सात मंजिला जय भवानी बिल्डिंग एमजी रोड पर स्थित है। बिल्डिंग की 2000 वर्ग फुट की पार्किंग में सुबह 3 बजे के आसपास आग लगी। आग तेजी से कम से कम चार कारों और दो दर्जन से अधिक दोपहिया वाहनों में फैल गया।
आग ने बिजली के मीटर बॉक्स, सीढ़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और लपटें ऊपर आवासीय मंजिलों तक पहुंच गईं, जिससे लोग नींद से जाग गए।
सूचना पाकर मुंबई पुलिस, मुंबई फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियां ​​मौके पर पहुंचीं और इमारत से 30 निवासियों को बचाने के लिए सीढ़ियां लगाने में कामयाब रहीं।
आग ने सात लोगों की जान ले ली। जिनमें दो नाबालिगों सहित पांच महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। साथ ही 61 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनमें 25 महिलाएं शामिल हैं। जबकि, 47 लोगों का अभी भी विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, पांच लोगों की हालत गंभीर बताई गई है और नौ अन्य को छुट्टी दे दी गई है।
बीएमसी आपदा नियंत्रण ने कहा, ''अधिकांश पीड़ितों को एम्बुलेंस में एचबीटी अस्पताल और कूपर अस्पताल और आसपास के अन्य निजी अस्पतालों में ले जाया गया। अग्निशमन कर्मियों के बड़े प्रयासों के बाद आग पर सुबह 6.55 बजे काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच मुंबई पुलिस कर रही है।
Next Story