महाराष्ट्र

मुंबई के समुद्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने की तैयारी, 9 जगह लगेंगे इंटरसेप्टर सिस्टम

Admindelhi1
19 Nov 2026 12:03 PM IST
मुंबई के समुद्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने की तैयारी, 9 जगह लगेंगे इंटरसेप्टर सिस्टम
x
मुंबई की नदियों और नालों में लगेंगे आधुनिक सिस्टम, समुद्री प्रदूषण पर लगेगी लगाम

मुंबई: मुंबई के समुद्र को प्लास्टिक और अन्य ठोस कचरे से मुक्त करने की दिशा में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार, 18 नवंबर 2026 को बीएमसी और अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘द ओशन क्लीनअप’ के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत समुद्र में कचरा पहुंचने से रोकने के लिए मुंबई के नौ नए स्थानों पर आधुनिक इंटरसेप्टर सिस्टम लगाए जाएंगे।

इस समझौते पर बीएमसी के उप आयुक्त गिरीश निकम और द ओशन क्लीनअप के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी बोयन स्लैट ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मुंबई की महापौर रितू तावड़े, उपमहापौर संजय घाड़ी और नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बीएमसी के अनुसार, इससे पहले ट्रॉम्बे खाड़ी और मालाड खाड़ी में लगाए गए इंटरसेप्टर सिस्टम से सितंबर 2026 तक कुल 119.5 मीट्रिक टन कचरा हटाया जा चुका है। इसमें ट्रॉम्बे खाड़ी से 102 मीट्रिक टन और मालाड खाड़ी से 17.5 मीट्रिक टन कचरा शामिल है।

नई योजना के तहत दादर-धारावी नाला, पिरामल नाला, गजधरबंध नाला, मिठी नदी, ट्रॉम्बे खाड़ी, कला नगर नाला, राजेंद्र नगर नाला, माहुल नाला और मालवणी नाला में इंटरसेप्टर सिस्टम लगाए जाएंगे।

महापौर रितू तावड़े ने कहा कि मुंबई की नदियों, नालों और समुद्री तटों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखना महानगरपालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बीएमसी पहले ही 14 स्थानों पर ट्रैश बूम सिस्टम स्थापित कर चुकी है।

वहीं, नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े ने कहा कि बीएमसी की कचरा प्रबंधन व्यवस्था और द ओशन क्लीनअप की आधुनिक तकनीक के सहयोग से समुद्र में प्लास्टिक तथा अन्य ठोस कचरा पहुंचने से रोकने में मदद मिलेगी।

इस पहल का उद्देश्य मुंबई में समुद्री प्रदूषण को कम करना, समुद्री जैव विविधता का संरक्षण करना और शहर की पर्यावरणीय स्थिति को बेहतर बनाना है।

Next Story