महाराष्ट्र

सूखे को लेकर महाराष्ट्र में सियासत तेज, मंत्री संजय शिरसाट ने आदित्य ठाकरे पर साधा निशाना

SHIDDHANT
27 Sept 2026 7:36 PM IST
सूखे को लेकर महाराष्ट्र में सियासत तेज, मंत्री संजय शिरसाट ने आदित्य ठाकरे पर साधा निशाना
x
Thane ठाणे : महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री संजय शिरसाट ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य में कम बारिश के कारण सरकार ने कई क्षेत्रों में सूखे की घोषणा की है और किसानों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
संजय शिरसाट ने कहा कि इस साल बारिश काफी कम हुई है, जिसके कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि आमदार से लेकर खासदार तक जनप्रतिनिधि किसानों के खेतों में जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार ने राज्य के 265 तालुकों में सूखे की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं को समझने और उन्हें राहत देने के लिए काम कर रहा है। आदित्य ठाकरे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय शिरसाट ने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी अन्य तालुका में भी सूखे की स्थिति है तो उसके बारे में स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आदित्य ठाकरे को उन चार तालुकों के नाम भी बताने चाहिए, जहां उनके अनुसार सूखे की घोषणा की जानी बाकी है। मंत्री ने कहा कि किसानों के लिए इस कठिन समय में राजनीति करना उचित नहीं है। संजय शिरसाट ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों को राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सूखे की स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र में कम बारिश और कृषि संकट को लेकर विपक्ष लगातार सरकार से सवाल कर रहा है। वहीं, सरकार की ओर से किसानों के लिए किए जा रहे प्रयासों और सूखा प्रभावित क्षेत्रों में उठाए गए कदमों की जानकारी दी जा रही है। सूखे के मुद्दे पर राज्य में आने वाले दिनों में राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है। किसानों की समस्याओं और राहत उपायों को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं।
Next Story