- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई के भ्रष्टाचार को...
महाराष्ट्र
मुंबई के भ्रष्टाचार को अरबी समुद्र में डुबोएं: देवेंद फडणवीस
Rani Sahu
21 Sep 2022 11:02 AM GMT

x
मुंबई: राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने शिवसेना (Shiv Sena) पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आने पर कुछ लोगों की तरफ से जनता को यह कह कर गुमराह किया जाता है कि मुंबई को महाराष्ट्र (Maharashtra) से अलग कर दिया जाएगा। इस भ्रम में आने की जरूरत नहीं है। मुंबई मराठी व्यक्तियों की है और रहेगी। उन्होंने मुंबई के नागरिकों का आव्हान करते हुए कहा कि मुंबई के भ्रष्टाचार (Corruption) को अरबी समुद्र में डुबोने की जरूरत है। फडणवीस ने यह भी कहा कि अब मुंबई में मराठी त्यौहारों एवं उत्सवों पर प्रतिबंध नहीं लगेगा।
दादर के शिवाजी मंदिर में मुंबई बीजेपी की तरफ से 'मुंबई मोरया' गणेशोत्सव स्पर्धा के पुरस्कार वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री फडणवीस मुख्य अतिथि के रुप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकमान्य बालगंगाधर तिलक ने 127 साल पहले कहा था कि साल में दस दिन ही सही एक प्रदेश के सभी हिंदुओं को एक देवता की उपासना में एक जुट हो जाना चाहिए। इससे भविष्य तय हो सकता है। पूरे देश मे हिंदू त्यौहार मनाया जाता है, लेकिन अपना मराठी समाज गणेश भक्त है। गणेशोत्सव मराठी समाज को एक साल का टॉनिक दे कर जाता है।
देवेंद्र फडणवीस ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां
उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अभी सवा दो साल का समय है। अब टेस्ट मैच नहीं बल्कि ट्वेंटी-ट्वेंटी मैच खेलना है। जोरदार बैटिंग करनी है। मुंबई वासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
त्यौहारों में राजनीति नहीं होनी चाहिए: आशीष शेलार
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि गणेशोत्सव मुंबई की आत्मा है। त्यौहारों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। हम नहीं करते, लेकिन देवेंद्र फडणवीस के सुसंस्कृत होने का फायदा विरोधियों ने उठाया। शेलार ने कहा कि पिछली सरकार की तरफ से अपना पक्ष मजबूती के साथ नहीं रखने की वजह से सर्वोच्च न्यायालय अपने मंदिरों को अवैध करार उस पर हथौड़ा चलवाने वाला था। भाषण करने वाले उस समय घर में बैठे थे। वर्ष 2015 में गणेशोत्सव के खिलाफ याचिका दायर करवाई गई थी।
आशीष शेलार का उद्धव ठाकरे पर हमला
उद्धव ठाकरे पर हमला करते हुए शेलार ने कहा आज के मराठी हिंदू ने अपने भाषणों में उस याचिका का जिक्र तक नहीं किया था। केवल देवेंद्र फडणवीस ने उसके खिलाफ लड़ाई लड़ी। गणेशोत्सव को बचाने के लिए देवेंद्र फडणवीस सरकार ही सामने आई थी। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई के सभी सार्वजनिक गणेशोत्सव का पंजीकरण करवाने को लेकर मुंबई बीजेपी एक अभियान शुरू करेगी।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, विधान परिषद में भाजपा के गुट नेता प्रवीण दरेकर, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसाद लाड ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विधायक कालीदास कोलंबकर, योगेश सागर, राजहंस सिंह, महेश बालदी, राष्ट्रीय संघटन मंत्री शिवप्रकाश, बीजेपी कोकण विकास आघाडी प्रमुख सुहास आडीवरेकर, कमलाकर दलवी सहित अन्य उपस्थित थे।
Next Story