महाराष्ट्र

पद्मश्री सिंधुताई सपकाल का हुआ निधन

Kunti Dhruw
4 Jan 2022 5:40 PM GMT
पद्मश्री सिंधुताई सपकाल का हुआ निधन
x
पद्मश्री सिंधुताई सपकाल का हुआ निधन

महाराष्ट्र की मदर टेरेसा के रूप में फेमस पद्मश्री सिंधुताई सपकाल का मंगलवार रात पुणे में निधन हो गया। 73 वर्षीय सिंधुताई सेप्टीसीमिया से पीड़ित थीं और पिछले डेढ़ महीने उनका इलाज पुणे के गैलेक्सी हॉस्पिटल में जारी था। पिछले साल उन्हें पदमश्री से सम्मानित किया गया था। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने शाम 8.30 बजे अंतिम सांस ली है। कल पुणे में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। हॉस्पिटल की ओर से जल्द ही एक आधिकारिक बयान भी जारी होगा।

बेघर बच्चों की देखरेख करने वाली सिंधुताई के लिए कहा जाता है कि इनके 1500 बच्चे, 150 से ज्यादा बहुएं और 300 से ज्यादा दामाद हैं। सिंधु ताई ने अपनी जिंदगी अनाथ बच्चों की सेवा में गुजारी दी, उनका पेट भरने के लिए कभी ट्रेनों में भीख तक मांगी।अनाथ बच्चों का पेट भरने के लिए सड़कों पर मांगी भीख
अनाथ बच्चों का पेट भरने के लिए उन्होंने सड़कों पर भीख तक मांगी। पद्मश्री पुरस्कार मिलने पर सिंधुताई ने कहा कि यह पुरस्कार मेरे सहयोगियों और मेरे बच्चों का है। उन्होंने लोगों से अनाथ बच्चों को अपनाने की अपील की है।
रोटी का किया धन्यवाद
सिंधुताई ने कहा, 'मुझे ऐसा लगता है कि आज मेरा जीवन अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। मेरे बच्चे बहुत खुश हैं। लेकिन अतीत को भुलाया नहीं जा सकता। मैं अतीत को पीछे छोड़ अब बच्चों के वर्तमान को संवारने का काम कर रही हूं। आप (मीडिया) का सहयोग हमेशा मुझे मिलता रहा है। आपकी मदद से मुझे यह दुनिया जान रही है।' ताई ने आगे कहा, 'मेरी प्रेरणा, मेरी भूख और मेरी रोटी है। मैं इस रोटी का धन्यवाद करती हूं क्योंकि इसी के लिए लोगों ने मेरा उस समय साथ दिया, जब मेरी जेब में खाने के भी पैसे नहीं थे। यह पुरस्कार मेरे उन बच्चों के लिए हैं जिन्होंने मुझे जीने की ताकत दी।'
ऐसे मिली बेघर बच्चों को घर देने की प्रेरणा
ट्रेन में भीख मांगने के बाद वे स्टेशन पर ही रहती थीं। एक दिन रेलवे स्टेशन पर सिंधुताई को एक बच्चा मिला। यहीं से उन्हें बेसहारा बच्चों की सहायता करने की प्रेरणा मिली। इसके बाद शुरू हुआ एक अंतहीन सिलसिला, जो आज महाराष्ट्र की 6 बड़ी समाजसेवी संस्थाओं में तब्दील हो चुका है। इन संस्थाओं में 1500 से ज्यादा बेसहारा बच्चे एक परिवार की तरह रहते हैं। सिंधुताई की संस्था में 'अनाथ' शब्द का इस्तेमाल वर्जित है। बच्चे उन्हें ताई (मां) कहकर बुलाते हैं। इन आश्रमों में विधवा महिलाओं को भी आसरा मिलता है। वे खाना बनाने से लेकर बच्चों की देखरेख का काम करती हैं।
सिंधुताई को 700 से ज्यादा पुरस्कार मिले
पद्मश्री सिंधुताई को अब तक 700 से ज्यादा सम्मान से नवाजा जा चुका है। उन्हें अब तक मिले सम्मान से जो भी रकम मिली, वह भी उन्होंने बच्चों के पालन-पोषण में खर्च कर दी। सिंधुताई को DY पाटिल इंस्टिट्यूट की तरफ से डॉक्टरेट की उपाधि भी दी गई है। सिंधुताई के जीवन पर बनी एक मराठी फिल्म 'मी सिंधुताई सपकाल' साल 2010 में रिलीज हुई थी और इसे 54वें लंदन फिल्म फेस्टिवल में भी दिखाया गया था।
Next Story