- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नए कमिश्नर शेखर सिंह...
महाराष्ट्र
नए कमिश्नर शेखर सिंह ने संभाली पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका की बागडोर
Rani Sahu
18 Aug 2022 5:11 PM GMT

x
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद जैसा तय था, पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation) के कमिश्नर राजेश पाटिल का अचानक ट्रांसफर (Transfer) कर दिया गया
पिंपरी: राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद जैसा तय था, पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation) के कमिश्नर राजेश पाटिल का अचानक ट्रांसफर (Transfer) कर दिया गया। उन्हें महाराष्ट्र राज्य पर्यटन विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी जगह सातारा जिले के जिलाधिकारी शेखर सिंह (Shekhar Singh) की नियुक्ति की गई है। गुरुवार की शाम उन्होंने महानगरपालिका मुख्यालय में पहुंचकर अपना पदभार संभाल लिया। इस दौरान महानगरपालिका के निवर्तमान कमिश्नर राजेश पाटिल के साथ नंबर-2 के अतिरिक्त आयुक्त विकास ढाकने की गैरमौजूदगी खली। इन दोनों के मुंबई में डेरा जमाए हुए रहने की खबर है।
ओड़िसा कैडर के राजेश पाटिल 2005 बैच के आईएएस अधिकारी है। अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति पर महाराष्ट्र में आने के बाद 15 फरवरी 2021 को वे पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका के कमिश्नर नियुक्त किए गए। लोकनियुक्त जनप्रतिनिधियों का पंचवर्षीय कार्यकाल समाप्त होने के बाद वे बतौर प्रशासक महानगरपालिका की बागडोर संभाले हुए थे। अभी यहां नियुक्त हुए डेढ़ साल का काल ही बीता कि आज अचानक उनका ट्रांसफर कर दिया गया। उनकी जगह सातारा के जिलाधिकारी शेखर सिंह को कमिश्नर नियुक्त किया गया। माना जा रहा था कि नए कमिश्नर सिंह बुधवार को ही पदभार ग्रहण करेंगे, मगर वे शहर में देरी से दाखिल हुए। इसके चलते आज शाम महानगरपालिका मुख्यालय में पहुंचकर उन्होंने पदभार ग्रहण किया। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त जितेंद्र वाघ, उल्हास जगताप, सहायक आयुक्त बालासाहेब खांडेकर उपस्थित थे।
नए कमिश्नर का परिचय
मूल दिल्ली के निवासी रहे नवनियुक्त कमिश्नर शेखर सिंह आईआईटी गुवाहाटी से स्नातक हैं। इसके बाद अमेरिका के बर्केली स्थित कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से उन्होंने स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। एमएस स्ट्रक्चर इंजीनियर रहे सिंह 2012 की बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, देश स्तर पर उनकी रैंकिंग 306 थी। नागपुर के रामटेक के प्रांताधिकारी, नागपुर के सहायक जिलाधिकारी, सिंधुदुर्ग जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, गडचिरोली के जिलाधिकारी और सातारा के जिलाधिकारी के रूप में उन्होंने जिम्मेदारी संभाली है। उन्हें सर्वोत्कृष्ट जिलाधिकारी का पुरस्कार भी मिला है। सातारा में महामारी कोरोना की रोकथाम के उपायों को लेकर किये गए अपने फैसलों से वे काफी चर्चा में रहे और सराहना के पात्र रहे।
नए कमिश्नर के सामने चुनौतियां!
नए महानगरपालिका कमिश्नर शेखर सिंह के समक्ष पिंपरी-चिंचवड शहर में रोजाना जलापूर्ति, पवना, आंध्र और भामा आसखेड़ बांधों से अतिरिक्त पानी, स्वच्छ शहर, स्मार्ट सिटी योजना में उन्नयन की स्थिति, निष्पक्ष महानगरपालिका चुनाव प्रक्रिया, झुग्गी-झोपड़ियों को नियंत्रण में रखकर पुनर्वास परियोजनाओं को क्रियान्वयन, प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे कार्यों की पूर्तता, निगडी-रावेत बीआरटी लाइन सहित अन्य लंबित परियोजनाओं की पूर्तता, ई-गवर्नेंस प्रणाली को लागू करते हुए जनभागीदारी बढ़ाना, पार्किंग नीति, सड़क सफाई नीति का क्रियान्वयन, अवैध निर्माण और अतिक्रमण का उन्मूलन और अतिक्रमण की रोकथाम, महानगरपालिका को घूसखोरी के चंगुल से मुक्ति, अनुशासनबद्ध प्रशासन आदि समेत कई चुनौतियां हैं।
नए कमिश्नर की दो टूक
महानगरपालिका के आला अधिकारियों और विभागप्रमुखों के साथ बैठक के बाद नए कमिश्नर शेखर सिंह ने संवाददाताओं से की गई बातचीत में कहा कि नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाने और पिंपरी-चिंचवड के तेजी से बढ़ते शहर के सर्वांगीण विकास को प्राप्त करने के लिए शहर के बुनियादी ढांचे और संरचनात्मक योजना के निर्माण पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि ईमानदारी, काम के प्रति सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा महत्वपूर्ण है और अधिकारियों को नागरिकों के साथ शिष्टाचार का व्यवहार करते हुए अपनी सेवाएं देनी चाहिए। अभी तक ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने का मौका मिला। पहली बार बडे़ शहर में काम करने का मौका सरकार ने दिया है। सरकार की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करुंगा। पहली प्राथमिकता शिक्षा और स्वास्थ्य की होगी। शहर में शिक्षा व्यवस्था अच्छी हो और शहरवासियों का स्वास्थ्य अच्छा रहे इस दिशा में ज्यादा काम करेंगे। स्वस्छता सर्वेक्षण अभियान के तहत कोशिश रहेगी कि पिंपरी- चिंचवड शहर को देश स्तर पर अव्वल दर्जा मिले।

Rani Sahu
Next Story