महाराष्ट्र

अगले साल शुरू होगा नवी मुंबई एयरपोर्ट

Rani Sahu
22 July 2023 5:11 PM GMT
अगले साल शुरू होगा नवी मुंबई एयरपोर्ट
x
मुंबई। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि नवी मुंबई स्थित अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट अगले साल से शुरू हो जाएगा और इस नए एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की समस्या खत्म हो जाएगी।
शुक्रवार को कांग्रेस विधायक अशोक चव्हाण (Ashok Chavan) ने इस संबंध में लक्ष्यभेदी सूचना पेश की थी। इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई एयरपोर्ट की समस्या है। वहां सिंगल रनवे है, जहां देश में सबसे अधिक 700 से अधिक उड़ान लैंड और टेकऑफ करती है। जब क्षेत्रीय संपर्क की बात आती है तो उनके लिए प्राइम स्लॉट लगता है। यानी उन्हें सुबह का समय लगता है, जबकि मुंबई एयरपोर्ट के लिए सुबह का समय देने की क्षमता नहीं है। नवी मुंबई का एयरपोर्ट अगले साल शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मैं वहां निरीक्षण करने गए थे। वहां रनवे तैयार हो गया है और उसकी फाइनल कोटिंग बारिश के बाद होगी। इमारत का काम भी तेजी से जारी है। नवी मुंबई एयरपोर्ट बनने से रीजनल कनेक्टिविटी की समस्या खत्म हो जाएगी।
फडणवीस ने कहा कि वर्ष 2008 में राज्य के कई एयरपोर्ट अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस को 30 साल की लीज पर दिए गए थे। यह कंपनी एयरपोर्ट का रखरखाव नहीं करती और बकाया भी नहीं भरती। इस वजह से लातूर, नांदेड और यवतमाल में समस्या पैदा हो रही है। इस बारे में एडवोकेट जनरल से राय लेकर एयरपोर्ट पर कब्जा हासिल किया जाएगा और बकाया राशि का भुगतान सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि शिर्डी हवाई अड्डे पर नाइट लैंडिंग की अनुमति है, लेकिन वहां नाइट लैंडिंग के पूर्व सूचना देनी पड़ती है। स्थायी नाइट लैंडिंग के लिए केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से बात करके समस्या का हल निकाला जाएगा।
गुजरात के लिए 18, महाराष्ट्र के लिए केवल 15 उड़ान
इसके पहले अशोक चव्हाण ने लक्ष्यभेदी सूचना पेश करते हुए सवाल किया कि मुंबई से अहमदाबाद के लिए 18 विमान सेवा है, जबकि महाराष्ट्र से महाराष्ट्र के लिए केवल 15 सेवा क्यों हैं? उन्होंने कहा कि राज्य में 11 एयरपोर्ट बमुश्किल उपयोग के काबिल हैं, और उनमें से कई पर नियमित उड़ान सेवाएं निलंबित हैं। मैंने इस संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य शिंदे से बात की है। उनकी प्रतिक्रिया सकारात्मक रही है और कई एयरलाइंस ने उड़ान योजना के तहत महाराष्ट्र में विभिन्न एयरलाइन सेवाएं शुरू करने के लिए बोली लगाई है। हालांकि, अगर कई प्रमुख शहरों के हवाई अड्डे बंद हैं, तो हवाई सेवाएं कैसे शुरू होंगी? महाराष्ट्र के सभी संभागों में कम से कम एक या दो शहरों में हवाई सेवा होनी चाहिए। नांदेड़ सहित राज्य में कई हवाई अड्डों का संचालन करने वाली रिलायंस दिवालिया हो गई है और नांदेड़ टर्मिनल पर झाड़ू मारने वाला कोई नहीं है। रनवे खराब हो रहे हैं, रात की लैंडिंग बंद है, डीजीसीए जैसी संबंधित एजेंसियों का बकाया भी रिलायंस पर बकाया है।
औरंगाबाद से सस्ता अहमदाबाद का किराया
उन्होंने सवाल किया कि महाराष्ट्र के अन्य शहरों का किराया अहमदाबाद जैसा सस्ता क्यों नहीं है। मुंबई से अहमदाबाद का किराया 1 हजार 991 रुपए है, जबकि औरंगाबाद का सबसे कम किराया 3 हजार 84 रुपए है। चर्चा में बाला साहेब थोरात, रोहित पवार, पृथ्वीराज चव्हाण, प्रणिति शिंदे आदि ने भी भाग लिया।
आदित्य ठाकरे-गुलाबराव आमने-सामने
अशोक चव्हाण की लक्ष्यभेदी सूचना का उत्तर जल आपूर्ति मंत्री गुलाबराव पाटिल देने उठे। जब पाटिल सही तरीके से जवाब नहीं दे पाए तो आदित्य ठाकरे ने विधानसभा अध्यक्ष से कहा कि अगर मंत्री सही जवाब नहीं देते तो इससे हमारा और सदन का टाइम पास होता है। अगर संबंधित विभाग के मंत्री सदन में मौजूद रहे तो सवाल पूछने वाले सदस्य को सही जानकारी मिल सकती है। इस पर पाटिल ने कहा कि वह लिखित सवाल के अनुसार ही अपनी तैयारी कर रहे थे, लेकिन दूसरे सवाल का जवाब बगैर तैयारी के लिए नहीं दिया जा सकता।
Next Story