महाराष्ट्र

Mumbai: दो बार महसूस किए गए भूकंप के झटके, पालघर में प्रशासन अलर्ट

Admindelhi1
11 Aug 2026 5:00 PM IST
Mumbai: दो बार महसूस किए गए भूकंप के झटके, पालघर में प्रशासन अलर्ट
x
पालघर में लगातार भूकंप के झटके, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मुंबई: महाराष्ट्र के पालघर जिले में बीती रात लगातार दो भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। जव्हार-विक्रमगढ़ क्षेत्र में आए दोनों भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 और 3.4 मापी गई। लेकिन कम तीव्रता के इन झटकों से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है।

पालघर जिला सूचना कार्यालय के अधिकारी ने आज बताया कि पहला भूकंप बीती रात 10 बजकर 04 मिनट पर महसूस किया गया, जबकि दूसरा झटका रात करीब 11 बजे आया। दोनों झटकों की तीव्रता क्रमश: 3.2 और 3.4 रही। जिला सूचना विभाग ने बताया कि भूकंप का केंद्र पालघर जिले के जव्हार तालुका में जमीन से करीब पांच किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। लगातार दो झटके महसूस होने के बाद स्थानीय लोगों में डर फैल गया। हालांकि, भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और भूकंप के दौरान सुरक्षित स्थान पर जाने समेत आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन करें। पालघर महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र में स्थित है और जिले में पिछले कुछ वर्षों से कम तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। पिछले महीने भी जिले के अलग-अलग हिस्सों में भूकंप के कई झटके दर्ज किए गए थे। इससे पहले 31 जुलाई को पालघर जिले में 3.5 तीव्रता का भूकंप आया था। वहीं, 25 जुलाई को भारी बारिश के बीच दहानू तहसील के गंजाड क्षेत्र में 3.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। 28 जुलाई को भी जिले में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसका केंद्र पाटिलपाड़ा गांव में बताया गया था।

Next Story