महाराष्ट्र

Mumbai: मुंबई में फ्लाईओवर सुरक्षा बढ़ाने के लिए शिंदे ने उठाया कदम

Admindelhi1
19 Nov 2025 12:07 PM IST
Mumbai: मुंबई में फ्लाईओवर सुरक्षा बढ़ाने के लिए शिंदे ने उठाया कदम
x

मुंबई: मुंबई के फ्लाईओवरों व सड़कों के गड्ढों को लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सख्त हो गए हैं। उन्होंने शहर से सभी फ्लाईओवरों के तुरंत मरम्मत और सड़कों की सतह के रीसर्फेसिंग के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इन कार्यों को फरवरी तक पूरे हो जाने की हिदायत मुंबई मनपा, एमएमआरडीए, एमएसआरडीए, एमईपी और महारेल को दी है।

मुंबई के सभी फ्लाईओवरों की वर्तमान स्थिति और मरम्मत कार्य की समीक्षा के लिए मंगलवार को उपमुख्यमंत्री शिंदे के मंत्रालय स्थित कार्यालय में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में उपमुख्यमंत्री के प्रधान सचिव नवीन सोना, एमएसआरडीए के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार गायकवाड़ और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी, एमएमआरडीए आयुक्त संजय मुखर्जी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भाग लिया। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि फ्लाईओवर और सड़कों के मरम्मत कार्यो पर नगर विकास विभाग की निगरानी रहेगी। इसके लिए विशेषज्ञों को शामिल कर एक गुणवत्ता नियंत्रण केंद्र स्थापित करने का निर्देश उन्होंने दिया है।

मुंबई में एमएसआरडीए के अधीन 5 और एमईपी के पास 19 कुल 24 फ्लाईओवर हैं। इन्हें बीएमसी को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। बीएमसी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 42 फ्लाईओवरों की भी तुरंत मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा अटल सेतु की मरम्मत के भी निर्देश उपमुख्यमंत्री ने दिए हैं। मानसून समाप्त होने के बाद इंफ्रास्ट्रक्चर व मरम्मत कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया जा रहा है। शिंदे ने उन जगहों पर युद्धस्तर पर सड़क के पैच हटाने और सड़क को समतल करने के निर्देश दिए हैं, जहां सड़कें उबड़-खाबड़ हो गई हैं।

Next Story