महाराष्ट्र

Mumbai: MHADA फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

Admindelhi1
30 March 2026 3:50 PM IST
Mumbai: MHADA फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू
x

मुंबई: महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा) के मुंबई बोर्ड ने 2640 घरों के बिक्री की लॉटरी की अधिकृत घोषणा की है। अलग-अलग आय ग्रुप के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की प्रक्रिया सोमवार को दोपहर तीन बजे शुरू की जाएगी और 29 अप्रैल 2026 तक रात 11.59 तक चलेगी। सोमवार को म्हाडा के उपाध्यक्ष और सीईओ संजीव जायसवाल इसका शुभारंभ करेंगे।

मुंबई में कन्नमवार नगर-विक्रोली, पत्राचल सिद्धार्थ नगर-गोरेगांव, ओल्ड मगाठाणे-बोरीवली, गोराई-बोरीवली, सुभाष नगर-चेंबूर, गांधीनगर-बांद्रा, पंतनगर-घाटकोपर, गिरगांव, वडाला, कोपरी-पवई, माझगांव, तुंगा पवई, लोकमान्य नगर-दादर, पहाड़ी गोरेगांव, एंटॉप हिल-वडाला जैसे इलाकों में ये घर उपलब्ध कराए गए हैं। ड्रॉ के लिए ऑनलाइन आवेदन पंजीयन और आवेदन जमा करने का प्रक्रिया सोमवार 30 मार्च से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 29 अप्रैल 2026 रात 11.59 बजे तक है। ऑनलाइन डिपॉजिट अमाउंट 30 अप्रैल 2026 रात 11.59 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। ड्रॉ के लिए मिले आवेदन की ड्राफ्ट लिस्ट 5 मई 2026 को दोपहर 3 बजे पब्लिश की जाएगी। ड्राफ्ट लिस्ट पब्लिश होने की तारीख से ऑनलाइन क्लेम और ऑब्जेक्शन फाइल करने की डेडलाइन 8 मई 2026 को दोपहर 3 बजे तक दी गई है। ड्रॉ के लिए स्वीकार किए गए आवेदन की अंतिम सूची 12 मई 2026 को दोपहर 3 बजे पब्लिश की जाएगी. लॉटरी 15 मई 2026 को सुबह 11 बजे निकाली जाएगी।

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 145 फ्लैट, निम्न आय वर्ग (एलईजी) के लिए 858 फ्लैट, मध्यम आय वर्ग (एमआईडी) के लिए 1408 फ्लैट और उच्च आय वर्ग (एचआईजी) के लिए 229 फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। लॉटरी में हिस्सा लेने के लिए आईएचएलएमएस 2.0 कंप्यूटर सिस्टम या 'म्हाडा हाउसिंग लॉटरी सिस्टम' मोबाइल ऐप (गूगल प्ले स्टोर/ऐप स्टोर) के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, महाराष्ट्र का 15 वर्ष का अधिवास प्रमाणपत्र और 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 की अवधि का आय प्रमाण अनिवार्य है। आवेदकों की सुविधा के लिए, आवेदन रजिस्ट्रेशन, आवेदन जमा करने और भुगतान प्रक्रिया भी म्हाडा की अधिकृत वेबसाइट https://housing.mhada.gov.in पर उपलब्ध कराए गए हैं।

इस ड्रॉ में शामिल होने के लिए, सबसे कम आय वर्ग के लिए वार्षिक पारिवारिक आय सीमा 6 लाख रुपये, कम आय वर्ग के लिए 9 लाख रुपये, मध्यम आय वर्ग के लिए 12 लाख रुपये और 12 लाख रुपये से अधिक की वार्षिक पारिवारिक आय वालों को उच्च आय वर्ग में शामिल किया जाएगा। सबसे कम आय वर्ग के व्यक्ति सबसे कम और कम आय वर्ग के लिए आवेदन कर सकते हैं।

Next Story