महाराष्ट्र

Mumbai: येलो अलर्ट के साथ बारिश का पूर्वानुमान

Admindelhi1
16 Sept 2025 3:27 PM IST
Mumbai: येलो अलर्ट के साथ बारिश का पूर्वानुमान
x

मुंबई: मौसम विभाग ने गुरुवार तक के लिए मुंबई, ठाणे, पालघर और पड़ोसी जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सभी एजेंसियों को सतर्क रहने का आदेश दिया गया है।

मुंबई में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भारी बारिश हुई। शहर के कई इलाकों में रात भर हुई बारिश में 150 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगरों में 76.46 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 74.15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बांद्रा में सर्वाधिक 176 मिलीमीटर और वर्ली में 170 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। कई इलाकों में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई। मुंबई शहर व उपनगरों में शॉट सर्किट की तीन, पेड़ की टहनियां गिरने की तीन और घर का हिस्सा गिरने की एक घटना हुई। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बारिश की संभावना के संकेत देते हुए मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जो 18 सितंबर गुरुवार सुबह तक जारी रहेग। मुंबई में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश की संभावना है। ठाणे को मंगलवार, बुधवार और गुरुवार तक येलो अलर्ट पर रखा गया है। पालघर में मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह रायगढ़ और रत्नागिरी में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बादलों की गरज, बिजली की चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। उसके बाद कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

रविवार रातभर और सोमवार सुबह हुई भारी बारिश के बाद दादर, कुर्ला और बांद्रा रेलवे स्टेशनों में पटरियों पर जलभराव हो गया था। यात्रियों ने लोकल ट्रेनें 10 से 15 मिनट देरी से चलने की शिकायत की। लेकिन पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे की ओर से बताया गया कि बारिश के बावजूद उपनगरीय सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि ‘रेड अलर्ट' केवल सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे तक के लिए ही था। सोमवार सुबह में भारी बारिश के बाद दिन भर राहत मिलने से स्थितियां सामान्य हो गईं।

Next Story