महाराष्ट्र

Mumbai: युवाओं को अवसर देना और उनकी भागीदारी बढ़ाना प्राथमिकता : देवेंद्र फडणवीस

Admindelhi1
24 Aug 2026 2:07 PM IST
Mumbai: युवाओं को अवसर देना और उनकी भागीदारी बढ़ाना प्राथमिकता : देवेंद्र फडणवीस
x
युवा शक्ति को आगे बढ़ाने पर जोर, फडणवीस बोले- उनकी भागीदारी बढ़ाना जरूरी

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को नागपुर में कहा कि युवा पीढ़ी शिक्षा, कौशल, खेल और स्टार्टअप सहित विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए युवाओं से चर्चा कर बेहतर नीति तैयार की जाएगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस नागपुर के रेशमबाग मैदान में ‘मंथन फॉर यूथ’ पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम को आज संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में 25 हजार से अधिक युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त महाराष्ट्र और नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में प्रसिद्ध स्पोर्ट्स कमेंटेटर रिद्धिमा पाठक ने मुख्यमंत्री के साथ क्रिकेटर तिलक वर्मा, कॉमनवेल्थ गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता दिलीप महादू गावित, अर्जुन देशपांडे और किरण शाहजी से संवाद किया। इन आइकॉन ने युवाओं के साथ अपने अनुभव और सफलता की यात्रा साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान ने देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाया है। लोकतांत्रिक व्यवस्था के कारण ही उन्हें नगरसेवक, महापौर, विधायक और मुख्यमंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला। युवाओं की जरूरतों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए इस नीति को और बेहतर बनाया जाएगा। बच्चों के बढ़ते स्क्रीन टाइम पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे कम करने के लिए ब्रेनस्टॉर्मिंग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। विशेषज्ञों की मदद से ऐसी नीति तैयार की जाएगी, जिससे बच्चों को स्क्रीन से दूर कर खेल और अन्य मैदानी गतिविधियों की ओर प्रोत्साहित किया जा सके।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘मंथन फॉर यूथ’ के आयोजक रितेश गवांडे के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने पहल की जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 23 अगस्त तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवा आइकॉन को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। ‘ड्रग-फ्री इंडिया’ अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इसमें नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, नशे की लत से दूर रहने तथा ड्रग्स के इस्तेमाल और बिक्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करने का संकल्प शामिल था। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने भी युवाओं से नशामुक्त युवा पीढ़ी के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Next Story