महाराष्ट्र

Mumbai: इको-फ्रेंडली गणेशोत्सव की तैयारी, मुंबई मनपा ने बनाई मेगा रणनीति

Admindelhi1
13 July 2026 9:12 AM IST
Mumbai: इको-फ्रेंडली गणेशोत्सव की तैयारी, मुंबई मनपा ने बनाई मेगा रणनीति
x
मुंबई में इस बार पर्यावरण के अनुकूल होंगे गणपति बप्पा

मुंबई: गणेशोत्सव पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने के लिए मुंबई मनपा ने एक करोड़ रुपए का मेगा प्लान बनाया है। गणेशोत्सव 2026 के लिए गणेश प्रतिमाएं बनाने वाले मूर्तिकारों को 25 हजार 400 लीटर पर्यावरण अनुकूल रंग मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए मुंबई मनपा एक करोड़ रुपये खर्च करेगी। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल पर्यावरण अनुकूल रंगों की आपूर्ति दोगुनी से अधिक बढ़ाई गई है।

प्रदूषण मुक्त गणेशोत्सव अभियान के तहत पिछले वर्ष मूर्तिकारों को कुल 10 हजार 800 लीटर पर्यावरण अनुकूल रंगों का मुफ्त वितरण किया गया था। इस प्रयोग के सफल रहने के बाद इस वर्ष प्रशासन ने आपूर्ति बढ़ाकर 25 हजार 400 लीटर रंग खरीदने की प्रक्रिया शुरू की है। रंगों की आपूर्ति के लिए मनपा ने 'एकता एंटरप्राइजेज' का चयन किया है। खरीद प्रक्रिया को अंतिम मंजूरी मिलते ही अगले महीने से मूर्तिकारों को रंगों का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।

मुंबई में गणेशोत्सव का पर्व हर वर्ष बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। गणेश प्रतिमाएं शाडू मिट्टी, कागज के पल्प, धातु तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनाई जाती हैं। मुंबई मनपा हर वर्ष मूर्तिकारों को शाडू मिट्टी मुफ्त उपलब्ध कराती है। हालांकि, प्रतिमाओं पर इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक रंग पर्यावरण के अनुकूल नहीं होते। इनमें सीसा, कैडमियम, क्रोमियम और पारा जैसी हानिकारक भारी धातुएं होती हैं। प्रतिमा विसर्जन के बाद ये धातुएं पानी में घुलकर समुद्री जीवों और जलीय पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन जाती हैं। इसका हल निकालने के मनपा के पर्यावरण विभाग ने मूर्तिकारों को सीधे पर्यावरण अनुकूल रंग उपलब्ध कराने का निर्णय लिया था।

Next Story