महाराष्ट्र

Mumbai: एनडीए बैठक से पहले प्रफुल्ल पटेल ने सुनेत्रा पवार से की मुलाकात

Admindelhi1
10 Jun 2026 12:10 PM IST
Mumbai: एनडीए बैठक से पहले प्रफुल्ल पटेल ने सुनेत्रा पवार से की मुलाकात
x
एनडीए की रणनीति पर सुनेत्रा पवार से मिले प्रफुल्ल पटेल

मुंबई: महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से उनके सरकारी बंगले देवगिरी पर पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने मंगलवार को मुलाकात की। बुधवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बुलाई गई एनडीए गठबंधन की बैठक को लेकर दोनों नेताओं में चर्चा हुई।

एनडीए गठबंधन की बैठक में शामिल होने से पहले सुनेत्रा और प्रफुल्ल पटेल की इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। एनसीपी (एपी) ने अपना स्थापना दिवस समारोह भी एक दिन के लिए टाल दिया है। अब राकांपा का 27वीं सालगिरह बुधवार की बजाए गुरुवार को माटुंगा के षण्मुखानंद हाल में मनाई जाएगी। बताया गया कि सुनेत्रा पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात में राज्य और केंद्र में कैबिनेट विस्तार के संबंध में चर्चा हुई। राज्य में एनसीपी (एपी) के हिस्से का एक मंत्री पद खाली है और केंद्र में भी पार्टी के हिस्से का एक मंत्री पद खाली है। इस पर भी एनसीपी दिल्ली में होने वाली बैठक में अपना दावा पेश कर सकती है। एनसीपी नेता कैबिनेट विस्तार में अपने कोटे का मंत्री पद देने की जोरदार मांग कर सकते हैं।

सुनेत्रा पवार की रिक्त हुई राज्यसभा सीट के उपचुनाव में राजेंद्र जैन को उम्मीदवारी दी गई है। लेकिन मंत्री छगन भुजबल टिकट न मिलने से नाराज हैं। भुजबल ने राज्यसभा जाने के लिए अपने भतीजे समीर भुजबल को राज्य में मंत्री पद देने की शर्त रखी थी। पार्टी में कुछ नेताओं में असंतोष का माहौल है। पार्टी एमएलसी इदरीस नाइकवाड़ी को पार्थ पवार ने इस्तीफा देने कहा था। नाइकवाड़ी ने इस्तीफा देने से मना कर दिया था। नाइकवाडी सुनेत्रा पवार से मिलने पहुंचे थे। अन्न व औषधि मंत्री नरहरि झिरवल भी सुनेत्रा से मिलने देवगिरी बंगले पहुंचे थे।

मंत्रालय स्थित झिरवल के कार्यालय में क्लर्क राजेंद्र ढेरंगे को एसीबी ने फरवरी महीने में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। इससे झिरवल विवादों में हैं। दोनों नेताओं के संबंध में क्या निर्णय होगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। सूत्रों के अनुसार प्रफुल्ल पटेल और सुनेत्रा में पार्टी में चल रही खींचतान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पिछले कुछ महीनों में पार्टी के कुछ पदाधिकारियों के दूसरी पार्टियों में शामिल होने से संगठन स्तर पर सवाल उठे हैं। इन तमाम मसलों को लेकर पार्टी नेताओं के बैठकों का दौर जारी है।

Next Story