महाराष्ट्र

विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस पर मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन, 238 करोड़ के ड्रग्स नष्ट

jantaserishta.com
30 Jun 2026 8:44 PM IST
विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस पर मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन, 238 करोड़ के ड्रग्स नष्ट
x
मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र की मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज 67 मामलों में जब्त 238 करोड़ 18 लाख 130 रुपए मूल्य के मादक और नशीले पदार्थों के निर्माण में उपयोग होने वाले कच्चे माल को वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत नष्ट किया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्तालय के इतिहास की महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक के मार्गदर्शन में तथा मादक पदार्थ मुद्देमाल नाश समिति की अनुमति के बाद सोमवार को मुंबई वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड, तलोजा (पनवेल, रायगढ़) में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में गांजा, चरस, मेफेड्रोन (एमडी), हेरोइन, एफेड्रिन, कोकीन, कफ सिरप की बोतलें और ट्रामाडोल टैबलेट्स सहित कुल 326 किलो 559 ग्राम तैयार मादक पदार्थ शामिल थे। इसके अलावा 2 मामलों में जब्त 1,541 किलो 356 ग्राम वजन का मादक पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल भी नष्ट किया गया। इन सभी की कुल अनुमानित कीमत 238 करोड़ 18 लाख 130 रुपए आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंत्रे के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त (अपराध) संदीप डोईफोडे, प्रभारी पुलिस निरीक्षक समीर शेख एवं अंमली पदार्थ विरोधी कक्ष-1 और कक्ष-2 के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस हर वर्ष 26 जून को मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले खतरों के बारे में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाना और नशा-मुक्त समाज बनाने के लिए वैश्विक सहयोग को मजबूत करना है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story