महाराष्ट्र

Mumbai: नासिक में नकली नोट छापने का धंधा पकड़ा, पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

Admindelhi1
13 Aug 2026 6:18 PM IST
Mumbai: नासिक में नकली नोट छापने का धंधा पकड़ा, पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
x
नासिक में नकली नोट छापने की फैक्टरी का पर्दाफाश, पांच पकड़े गए

मुंबई: महाराष्ट्र के नासिक जिले में नासिक-त्र्यंबकेश्वर रोड पर तलेगांव स्थित एक बंगले में गोपनीय रूप से चल रही नकली नोट बनाने की फैक्टरी को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है और मौके से लाखों रुपये के नकली नोट समेत प्रिंटिंग का सामान जब्त किया है। पुलिस की एक टीम ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की छानबीन नासिक पुलिस की टीम कर रही है।

नासिक ग्रामीण पुलिस के पुलिस अधीक्षक डॉ. डी. एस. स्वामी ने गुरुवार को इस घटना की पुष्टि की है और कहा कि मामले की छानबीन जारी है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस फैक्टरी में एक बहुत ही अलग तरह के कैमोफ्लाज का इस्तेमाल करके असली नोटों को एक खास केमिकल में डुबोकर और उन नोटों की स्याही को दूसरे कागज पर लगाकर, बिल्कुल असली जैसे दिखने वाले नकली नोट बनाए जा रहे थे।

इस रैकेट के आरोपित 10 लाख रुपये के असली नोटों के बदले 30 लाख रुपये के नकली नोट देने का वादा करके लेन-देन कर रहे थे। जब ऐसा ही एक लेन-देन चल रहा था, तभी पुलिस ने जाल बिछाकर छापा मारा। नासिक ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में आरोपितों की पहचान अमरेश्वर ऐठा, दसारी सत्या, गोकुल दाते ,हीरामन दाते और मछिंद्र घंडत के रुप में की गई है।

यह गैर-कानूनी फैक्टरी त्र्यंबकेश्वर रोड पर तालेगांव शिवार में एक प्राइवेट बंगले में चल रही थी। पुलिस ने इस जगह से नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, प्रिंटिंग मटीरियल और लाखों रुपये के नकली नोट समेत सारा सामान ज़ब्त कर लिया है। इस एक्शन से नासिक से तेलंगाना राज्य तक फैले एक बड़े रैकेट का पता चला है, और पुलिस यह पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल हैं।

Next Story