महाराष्ट्र

Mumbai: जेजे फ्लाईओवर से वाय ब्रिज को जोड़ने की योजना, लागत 805 करोड़

Admindelhi1
27 Oct 2025 10:56 AM IST
Mumbai: जेजे फ्लाईओवर से वाय ब्रिज को जोड़ने की योजना, लागत 805 करोड़
x

मुंबई: दक्षिण मुंबई में ट्रैफिक समस्या से निजात दिलाने के लिए मुंबई मनपा ने एक प्रोजेक्ट को गति देने की योजना बनाई है। इसके तहत वाय-ब्रिज को जे.जे. फ्लाईओवर को जोड़ा जाएगा। दोनों पुलों को जोड़ने के लिए 805 करोड़ रुपये की लागत से केबल-स्टे फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।

प्रस्तावित केबल-स्टे फ्लाईओवर के निर्माण के बाद भायखला और माझगांव क्षेत्रों को यातायात जाम से राहत मिलेगी। लगभग 850 मीटर लंबा यह फ्लाईओवर पूर्वी उपनगरों और मुख्य शहर के बीच संपर्क सुधार कर ईस्टर्न एक्सप्रेस हायवे पर वाहनों की भीड़ को कम करने में मदद करेगा। इसमें माझगांव स्थित ओलिवेंट ब्रिज को जोड़ने वाले दो सड़क मार्ग भी शामिल हैं। इससे ईस्टर्न फ्रीवे और मुंबई ट्रान्स हार्बर लिंक तक पहुंच आसान होगी।

मनपा अधिकारियों के अनुसार नया फ्लाईओवर नागपाड़ा के जे.जे. रोड पर स्थित साबू सिद्दीक पॉलिटेक्निक कॉलेज और रिचर्डसन एंड क्रुडस के पास के दो प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों को बायपास करेगा। मुख्य मार्ग मुंबई फायर ब्रिगेड मुख्यालय के पास स्थित वाय-ब्रिज को सीधे जे.जे. फ्लाईओवर रैम्प से जोड़ेगा। मुख्य संरचना वाय-ब्रिज को जे.जे. फ्लाईओवर से जोड़ेगी। दोनों ओर से दो अतिरिक्त आर्म्स ओलिवेंट ब्रिज के माध्यम से माझगांव से जुड़ेंगे।

यह नया वाय-ब्रिज मनपा और महाराष्ट्र रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमआरआईडीसी) के साझे में बनाया जा रहा है। साल 1922 में निर्मित मौजूदा वाय-ब्रिज, जो अपनी विशिष्ट वाय-आकार की संरचना के लिए प्रसिद्ध है। बीएमसी के सर्वेक्षण के बाद संरचनात्मक रूप से कमजोर पाया गया था। अब इसे केबल-स्टे डिजाइन में पुनर्निर्मित किया जा रहा है। इसकी पहली चरण की पूर्ति मार्च 2026 तक होने की संभावना है।

Next Story