महाराष्ट्र

Mumbai: पुनर्विकास परियोजना के तहत परिवारों को मिलेंगे नए आशियाने

Admindelhi1
4 Jun 2026 10:20 AM IST
Mumbai: पुनर्विकास परियोजना के तहत परिवारों को मिलेंगे नए आशियाने
x
537 परिवारों को जल्द सौंपे जाएंगे नए घरों के कब्जे

मुंबई: नायगांव बीडीडी चॉल पुनर्विकास परियोजना के 537 पात्र परिवारों को आगामी 5 जून से नए घरों की चाबी मिलने लगेगी। हाल ही में ओसी प्राप्त करने वाले तीन नए टावरों में बने आधुनिक 2-बीएचके फ्लैटों का कब्जा म्हाडा द्वारा चरणबद्ध तरीके से सौंपा जाएगा।

इस परियोजना के तहत 160 वर्ग फुट की पुरानी चॉलों में रहने वाले परिवारों को 500 वर्ग फुट कारपेट क्षेत्र वाले आधुनिक फ्लैट मुफ्त उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) के माध्यम से बीडीडी चॉल का पुनर्विकास किया जा रहा है।

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर बीडीडी कॉम्प्लेक्स के नाम से विकसित किए जा रहे नायगांव परियोजना में दो पुनर्वास इमारतों के अंतर्गत 20 पुनर्वास टावर बनाए जा रहे हैं। इससे पहले 16 मार्च, 2026 को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार की उपस्थिति में पांच पूर्ण टावरों में 864 फ्लैट लाभार्थियों को सौंपे गए थे।

करीब 6.45 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली नायगांव परियोजना में वर्तमान में 42 चॉलों के 3344 आवासीय व गैर-आवासीय किरायेदार शामिल हैं। दो चरणों में संचालित इस पुनर्विकास योजना के तहत पुरानी चॉलों की जगह आधुनिक सुविधाओं से युक्त 23 मंजिला टावरों का निर्माण किया जा रहा है। पुनर्विकास अवधि के दौरान निवासियों को वैकल्पिक आवास अथवा 25,000 रुपए प्रतिमाह की अग्रिम किराया सहायता 11 महीने के लिए दिया जा रहा है।

Next Story