- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Mumbai: आधुनिक कौशल से...
Mumbai: आधुनिक कौशल से लैस हों शैक्षणिक संस्थान: मुख्यमंत्री फडणवीस

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को नागपुर में कहा कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस, रोजगारोन्मुख और भविष्य के लिए तैयार मानव संसाधन विकसित करना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री फडणवीस रविवार को नागपुर में रामदेव बाबा विश्वविद्यालय में एनवीडिया समर्थित ‘एआई सेंटर फॉर कॉम्पिटेंसी’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि रामदेवबाबा विश्वविद्यालय ने शिक्षा के मूल उद्देश्यों को प्राथमिकता देते हुए व्यावसायीकरण से दूर रहकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विश्वविद्यालय शोध, नवाचार और तकनीकी विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी संस्थानों में शामिल होगा। उन्हाेंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर और क्वांटम कंप्यूटिंग आने वाले समय में वैश्विक अर्थव्यवस्था और उद्योगों की दिशा तय करेंगे।
उन्होंने बताया कि दुनिया आज छठी औद्योगिक क्रांति की ओर बढ़ रही है, जिसका आधार एआई, डीप टेक्नोलॉजी और फ्रंटियर टेक्नोलॉजी हैं। ऐसे में विश्वविद्यालयों को अपनी शिक्षण पद्धति और पाठ्यक्रमों में समयानुकूल बदलाव करना होगा। उन्होंने विशेषज्ञों का हवाला देते हुए कहा कि अगले एक हजार दिनों में लगभग 70 प्रतिशत नौकरियों का स्वरूप बदल जाएगा। रोजगार समाप्त नहीं होंगे, लेकिन उनकी प्रकृति बदल जाएगी। इसलिए विद्यार्थियों के लिए नई तकनीकों और आधुनिक कौशलों में दक्ष होना अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एआई स्वास्थ्य, जैव प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स और कृषि जैसे क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन ला रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के एआई आधारित ‘महाविस्तार’ ऐप का उल्लेख करते हुए कहा कि यह किसानों को उनकी मातृभाषा में फसल प्रबंधन, कीट नियंत्रण और उर्वरक उपयोग संबंधी सलाह उपलब्ध करा रहा है। फसल की तस्वीर अपलोड करते ही एआई संभावित समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी देता है, जिससे खेती की लागत में लगभग 25 प्रतिशत तक कमी और उत्पादकता में 25 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि संभव है।
कार्यक्रम में रामदेवबाबा सार्वजनिक समिति के अध्यक्ष पद्मश्री सत्यनारायण नुवाल, उपाध्यक्ष एस. राठी और पी. पालडीवाल, महासचिव राजेंद्र पुरोहित, सचिव एडवोकेट प्रदीप अग्रवाल, कैलाशचंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अशोककुमार पचेरीवाला, कुलाधिपति डॉ. एस.एस. मंथा, कुलपति डॉ. आर.एस. पांडे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।





