महाराष्ट्र

Mumbai: मराठी सीखने के लिए ड्राइवरों को एक महीने की मोहलत, 1268 को नोटिस

Admindelhi1
21 Aug 2026 11:36 AM IST
Mumbai: मराठी सीखने के लिए ड्राइवरों को एक महीने की मोहलत, 1268 को नोटिस
x
1268 ड्राइवरों पर कार्रवाई की तैयारी, एक महीने में मराठी सीखने का निर्देश

मुंबई: महाराष्ट्र में कमर्शियल वाहन चालकों के लिए सामान्य मराठी की जानकारी जरूरी कर दी गई है। इस नियम को लागू करने के लिए पूरे राज्य में गुरुवार से जांच मुहिम शुरू की गई है। पहले दिन मराठी न बोल पाने वाले 1268 ड्राइवरों को नोटिस जारी की गई। नोटिस जारी होने के बाद यदि एक महीने के अंदर संबंधित वाहन चालक मराठी नहीं सीख लेता तो उसका लाइसेंस और बैज तीन महीने के लिए निलबंत कर दिया जाएगा। इसके बाद भी लगातार नियमों का उल्लंघन करने पर चालक का लाइसेंस और बैच रद्द किया जा सकता है।

मुंबई महानगर क्षेत्र में 3,995 ड्राइवरों की जांच की गई। उनमें से 604 ड्राइवरों को मराठी की कम जानकारी मिली और उन सभी को नोटिस जारी किए गए हैं। राज्य में 4,222 ड्राइवरों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 664 ड्राइवरों को नोटिस दिया गया है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि महाराष्ट्र में बिजनेस करने वाले और कमर्शियल वाहन चलाने वाले ड्राइवरों के लिए सामान्य मराठी जानना सिर्फ नियमों की बात नहीं है, बल्कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से भी जुड़ा मामला है। ड्राइवरों को मराठी सीखने के लिए काफ़ी समय दिया जा रहा है। हालांकि जो लोग दी गई डेडलाइन के बाद भी नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री सरनाईक ने बताया कि यह मुहिम 30 सितंबर 2026 तक राज्यभर में चलेगी। निरीक्षण के दौरान ड्राइवरों की सामान्य मराठी की जानकारी का टेस्ट लिया जाएगा। जिन ड्राइवरों को मराठी की जानकारी नहीं है, उन्हें सुधरने का मौका दिया जाएगा। लेकिन तय समय के बाद भी नियमों का पालन न करने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी। तय समय के बाद भी नियमों का पालन न करने वालों के ख़िलाफ लाइसेंस और बैज सस्पेंशन की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story