महाराष्ट्र

Mumbai: डॉक्टरों को नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों की दी जाएगी ट्रेनिंग

Admindelhi1
29 Jun 2026 11:20 AM IST
Mumbai: डॉक्टरों को नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों की दी जाएगी ट्रेनिंग
x
बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों के क्षमता निर्माण कार्यक्रम को मंजूरी दी है। इसके तहत पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से राज्य के 300 वरिष्ठ डॉक्टरों के लिए छह दिवसीय आधुनिक प्रबंधन व नेतृत्व प्रशिक्षण के 10 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए सरकार ने 1.05 करोड़ रुपए के खर्च को प्रशासनिक अनुमति दी है।

सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में जीआर जारी किया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वर्ष 2026-27 के दौरान किया जाएगा। इनमें से तीन सत्र चंद्रपुर वन प्रशासन, विकास व प्रबंधन प्रबोधिनी में आयोजित होंगे, जबकि शेष सात सत्र राज्य के विभागीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्रों में आयोजित किए जाएंगे। हर प्रशिक्षण सत्र में 30 अधिकारी शामिल होंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों की नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन को अधिक प्रभावी बनाना है। प्रशिक्षण शुल्क, अध्ययन सामग्री, पुस्तिकाएं, आवास, यात्रा व्यय और प्रशिक्षण समन्वय सहित सभी खर्च स्वीकृत राशि में शामिल हैं। यह पूरा खर्च वित्तीय वर्ष 2026-27 के मंजूर बजट से वहन किया जाएगा।

राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और राज्य में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता व नीति क्रियान्वयन को नई मजबूती मिलेगी।

Next Story