महाराष्ट्र

Mumbai: भाजपा कार्यकर्ता के अपहरण की साजिश फेल, सोलापुर पुलिस ने 7 पकड़े

Admindelhi1
8 Aug 2025 4:57 PM IST
Mumbai: भाजपा कार्यकर्ता के अपहरण की साजिश फेल, सोलापुर पुलिस ने 7 पकड़े
x

मुंबई: महाराष्ट्र के सोलापुर में बीती रात भाजपा कार्यकर्ता शरणू हांडे के अपहरण का प्रयास पुलिस ने विफल कर दिया है। सोलापुर की एमआईडीसी पुलिस ने शरणू हांडे को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया है। पुलिस ने अपहरण के प्रयास के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पुरानी दुश्मनी की वजह से गुरुवार को देर रात राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) गुट के कार्यकर्ता अमित सुरवसे ने भाजपा कार्यकर्ता शरणू हांडे का बंदूक और तलवार की नोंक पर अपहरण कर लिया था। हांडे के परिवार ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस की चार टीमें कर्नाटक भेजी गईं और महाराष्ट्र से बाहर निकलने के सभी रास्ते बंद कर दिए गए। एक टीम ने एक गाड़ी को रोका गया तो उस गाड़ी के अंदर शरणू हांडे को गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। इसके बाद पुलिस ने हांडे को सोलापुर के एक निजी अस्पताल भर्ती करवाया है। पुलिस की टीम ने शुक्रवार को सुबह एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में अमित सुरवसे समेत सात लोगों के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज किया और सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस की तत्परता से आरोपित पकड़े गए हैं। इन सभी आरोपितों पर हत्या के प्रयास का भी मामला दर्ज किया जाना चाहिए और मामले की गहन छानबीन कर मुख्य साजिशकर्ता को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

Next Story