महाराष्ट्र

Mumbai: प्रतीक्षानगर डिपो में बसों में आग, दमकल की टीम मौके पर

Admindelhi1
26 May 2026 4:53 PM IST
Mumbai: प्रतीक्षानगर डिपो में बसों में आग, दमकल की टीम मौके पर
x
"दो बसों में आग लगने से डिपो में मची अफरा-तफरी"

मुंबई: प्रतीक्षानगर डिपो में बेस्ट की दो बसों में रविवार की देर रात भीषण आग लग गई। सौभाग्य से इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन बसें जलकर खाक हो गईं। इसी तरह मालाड में भी एक बस से धुआं निकलने का मामला सामने आया, लेकिन मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतीक्षानगर डिपो के पार्किंग यार्ड में खड़ी मातेश्वरी नामक निजी कंपनी से ठेके पर ली गई दो बसों में आग लगी थी। आग से धुएं के बड़े-बड़े गुबार आसमान में फैल गए। भीषण आग भड़कते ही पास में खड़ी अन्य बसों को तत्काल दूसरी जगह हटाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। रात के समय कई बसें खड़ी थीं। डिपो के सुरक्षा रक्षक बिन नवाज ने सबसे पहले एक बस में आग लगते हुए देखा। उन्होंने अग्निशामक यंत्र खोजने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण ऐसा कर पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद अग्निशमन दल को घटना की सूचना दी गई।सूचना मिलते ही दमकल कर्मी डिपो पहुंचे और रात करीब साढ़े 12 बजे तक आग पर काबू पा लिया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई थी। सौभाग्य से इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दो बसों में आग लगने का सटीक कारण बेस्ट प्रशासन ने अभी तक स्पष्ट नहीं किया है। मुंबई में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बसों के ‘ओवरहीट’ होने से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। मामले की जांच बेस्ट प्रशासन और पुलिस द्वारा की जा रही है। प्रतीक्षानगर डिपो में दो बसों में आग लगने की घटना के कुछ ही समय बाद मालाड में भी एक अन्य बस से धुआं निकलने की घटना सामने आई। यह बस मागाठणे डिपो की सेवा में लगी ‘डागा’ कंपनी की थी। आग लगने की आशंका को देखते हुए तत्काल अग्निशमन दल को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने समय रहते स्थिति पर काबू लिया। बस से धुआं निकलते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया था।

Next Story